विशाखापत्तनम टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया है। जायसवाल ने 277 गेंद का सामना करते हुए 18 चौके और 7 छक्के की मदद से टेस्ट करियर की पहली डबल सेंचुरी पूरी की। वह 209 रन बनाकर आउट हुए। जेम्स एंडरसन ने उनका विकेट लिया। इस दोहरे शतक के साथ ही यशस्वी जायसवाल भारत के लिए दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। जायसवाल ने 22 साल की उम्र में ही टेस्ट में डबल सेंचुरी जड़ दी है।

‘मुश्किल’ पिच पर जड़ी डबल सेंचुरी

जायसवाल से पहले सुनील गावस्कर ने 21 साल 283 दिन की उम्र में 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। उनसे पहले विनोद कांबली ने 21 साल 55 और 35 दिन की उम्र में दो डबल सेंचुरी लगाई थी। जायसवाल ने विशाखापत्तनम की उस पिच पर डबल सेंचुरी लगाई है जहां कोई भी भारतीय बल्लेबाज 35 का स्कोर भी पार नहीं कर पाया। 7 विकेट गिरने तक तो जायसवाल के बाद शुभमन गिल (34) ही हाई स्कोरर रहे।

IND vs ENG: पुजारा कभी भी ले सकते हैं जगह! रवि शास्त्री ने खराब फॉर्म के लिए शुभमन गिल को चेताया

बेखौफ अंदाज में जड़ा दोहरा शतक

यशस्वी जायसवाल ने अपने ही अंदाज में दोहरा शतक पूरा किया। जायसवाल 191 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे तभी उन्होंने शोएब बशीर के ओवर में पहले छक्का और फिर अगली ही गेंद पर चौका लगाकर बेखौफ अंदाज में दोहरा शतक पूरा किया। जायसवाल ने पहले घुटने के बल बैठकर स्वीप शॉट लगाकर छक्का लगाया। उसके बाद अगली ही गेंद पर उन्होंने स्वीप शॉट के जरिए चौका बटोरा।

जायसवाल ने नाम किए यह ‘यशस्वी’ रिकॉर्ड्स

यशस्वी जायसवाल भारत के लिए टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बने हैं। उनसे पहले गौतम गंभीर, विनोद कांबली और सौरव गांगुली ने टेस्ट में दोहरा शतक लगाया हुआ है।

यशस्वी जायसवाल ने 10वीं टेस्ट पारी में अपनी मेडन टेस्ट डबल सेंचुरी लगाई। उनसे पहले चेतेश्वर पुजारा ने 9, गावस्कर और मयंक अग्रवाल ने 8, विनोद कांबली ने 4 और करुण नायर ने 3 टेस्ट पारी में दोहरा शतक लगाया था।

यशस्वी जायसवाल टेस्ट करियर में बतौर ओपनर 2 बार 150 से उपर का स्कोर करने वाले तीसरे सबसे युवा (22 साल या उससे कम उम्र) खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले क्रिस गेल ने 2 और ग्रेम स्मिथ ने 4 बार ऐसा किया है।

यशस्वी जायसवाल ने एक टेस्ट मैच में उस परिस्थिति के अंदर भारत के लिए सबसे बड़ा स्कोर बनाया है जब अन्य भारतीय बल्लेबाज 50 का स्कोर तक नहीं बना पाए। इससे पहले सहवाग ने 2003 में 195, वीनू मांकड़ ने 1952 में 184, वीवीएस लक्ष्मण ने 2000 में 167 और विराट कोहली ने 2018 में 153 रन की पारी खेली थी।