IND vs ENG 2nd Test: भारत ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए 5 मैच की सीरीज के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 151 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल की।

नॉटिंघम में खेला गया सीरीज का पहला मैच ड्रॉ पर छूटा था। लॉर्ड्स में शतक बनाने वाले केएल राहुल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। पांच मैच की सीरीज का तीसरा टेस्ट 25 अगस्त से लीड्स में खेला जाएगा। 89 साल के इतिहास में क्रिकेट के मक्का कहलाए जाने वाले लॉर्ड्स पर भारतीय टीम को यह तीसरी जीत मिली है।

इस दौरान भारतीय टीम ने इस मैदान पर 19 मैच खेले। इसमें से उसे 12 में हार मिली, चार ड्रॉ रहे। अब तीसरी जीत उसे नसीब हुई है। भारतीय टीम इस मैदान पर 1932 से 1967 के बीच लगातार पांच मैच हारी थी। उसे पहली बार 1986 में पांच विकेट से जीत मिली। इसके बाद 2014 में उसने 95 रन से इंग्लैंड को हराया। अब इंग्लैंड को 151 रन से हराया।

भारत ने 16 अगस्त 2021 को पहले सेशन में जल्द ही ऋषभ पंत का विकेट गंवा दिया था, तब सबको लगा था कि यह मैच इंग्लैंड के पाले में है, लेकिन मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने ऐसी बाजी पलटी कि रूट एंड कंपनी की सारी गणित बिगड़ गई। उसके बाद जिस तरह भारतीयों ने गेंदबाजी की, वह भी एक अलग अध्याय है। अंतत: भारत मैच जीत गया।

इस मैच में इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 172 रन का लक्ष्य था, लेकिन उसकी टीम 120 रन पर आउट हो गई। भारत की तरफ से दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज ने चार, जसप्रीत बुमराह ने तीन, इशांत शर्मा ने दो और मोहम्म्द शमी ने एक विकेट लिया।

इंग्लैंड ने चायकाल तक दूसरी पारी में 4 विकेट पर 67 रन बनाए थे। चायकाल से पहले आखिरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो एलबीडब्ल्यू हुए। इससे पहले भारत ने अपनी दूसरी पारी 8 विकेट पर 298 रन पर घोषित की थी। इस तरह भार को इंग्लैंड के खिलाफ 271 रन की लीड मिली।

पारी घोषित करते समय मोहम्मद शमी 56 और जसप्रीत बुमराह 34 रन पर नाबाद थे। इससे पहले भारत ने लंच तक इंग्लैंड के खिलाफ 259 रन की लीड बनाई थी। लंच के समय शमी 52 और बुमराह 30 रन बनाकर नाबाद थे।

Live Blog

Highlights

    23:27 (IST)16 Aug 2021
    89 साल में लॉर्ड्स पर भारत को मिली तीसरी जीत

    89 साल के इतिहास में लॉर्ड्स पर भारत को तीसरी जीत मिली। उसे पहली जीत 1986 में पांच विकेट से मिली थी। दूसरी जीत 2014 में 95 रन से जीत मिली थी। तीसरी जीत 2021 में 151 रनों से जीत मिली।

    23:10 (IST)16 Aug 2021
    सिराज ने एंडरसन को पवेलियन भेजा, जीत गई इंडिया

    सिराज ने 52वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जेम्स एंडरसन को पवेलियन भेज लॉर्ड्स में भारत की 151 रन से जीत पर मुहर लगा दी। भारतीय टीम ने ये बाजी खेली और हार के मुंह से गेम छीन कर जीत गई। सिराज ने एंडरसन को बोल्ड कर दिया। यह गुडलेंथ गेंद, ऑफ स्टंप पर, रोकना चाहते थे एंडरसन लेकिन गेंद की लाइन को मिस कर गए और इंडिया को जीत का रूट दिखा दिया।

    23:05 (IST)16 Aug 2021
    सिराज ने बटलर को किया आउट

    जोस बटलर मार्क वुड का लंबा साथ नहीं निभा पाए। मोहम्मद सिराज ने 52वें ओवर की दूसरी गेंद पर जोस बटलर को पवेलियन की राह दिखा दी। मैच बहुत ही रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। भारत को जीत के लिए अब सिर्फ एक विकेट की जरूरत है। बटलर की जगह जेम्स एंडरसन क्रीज पर आए हैं। सिराज ने इस ओवर की अपनी दूसरी गेंद पर बटलर को पंत के हाथों कैच आउट कराया। बैक ऑफ लेंथ गेंद थी, बाहर निकली, ऑफ साइड में पुश करना चाहते थे बटलर, लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और पंत के दस्तानों में समा गई। बटलर का विकेट मतलब गेम लगभग भारत के हाथ में आ गया है। 

    23:00 (IST)16 Aug 2021
    भारत को चाहिए 2 विकेट, इंग्लैंड को काटने होंगे 9 ओवर

    जसप्रीत बुमराह ने भारत को 8वीं सफलता दिलाई। भारत अब जीत से सिर्फ 2 विकेट दूर है। दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम 51 ओवर खेल चुकी है। इंग्लैंड का स्कोर 8 विकेट पर 120 रन है। अब 9 ओवर का खेल और बाकी है। इतने ओवर में भारत को अगर मैच जीतना है तो उसे इंग्लैंड के 2 विकेट और चटकाने होंगे। इंग्लैंड को अपनी हार टालनी है तो जोस बटलर और मार्क वुड को लंबी साझेदारी करनी होगी।

    22:04 (IST)16 Aug 2021
    सिराज ने सैम करन को पवेलियन भेजा, लेकिन हैट्रिक से चूके

    सिराज के ओवर की दूसरी गेंद उनकी पहली गेंद का रिप्ले थी। मिडिल स्टंप से गुड लेंथ की गेंद बाहर निकली, सैम ऑफ स्टंप के बाहर छेड़खानी करने चले गए। गेंद ने बल्ले को चूमा और ऋषभ पंत के दस्तानों में जा समाई। सैम करन पवेलियन की ओर चल दिए। सिराज की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सिराज के लिए हैट्रिक चांस बना था। हालांकि, अगली गेंद पर वह ऑली रॉबिन्सन को आउट नहीं कर पाए।

    22:02 (IST)16 Aug 2021
    तीन बार बीट होने के बाद पवेलियन लौटे मोईन अली

    सिराज के ओवर की पहली गेंद ने मोईन अली के बल्ले का बाहरी किनारा छुआ और मोईन फंस गए। मोईन अली पिछले ओवर में तीन बार बीट हुए थे। मिडिल स्टंप पर पड़ी लेंथ गेंद, बाहर निकली, मोईन को खेलना पड़ा क्योंकि गेंद ऑफ स्टंप के करीब थी। वह स्विंग को कवर नहीं कर पाए, गेंद बाहरी किनारे से लगकर पहली स्लिप की ओर गई। कोहली ने इस बार कैच को टपकाया नहीं, बल्कि लपका और मोईन को चलता किया।

    21:57 (IST)16 Aug 2021
    पंत ने सैम करन और कोहली ने मोईन अली के लपके कैच

    इंग्लैंड को 39वें ओवर में 2 झटके लगे। मोहम्मद सिराज ने ओवर की दूसरी गेंद पर मोईन अली को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। उन्होंने अगली ही गेंद पर सैम करन को ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। मोईन अली 42 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। 

    21:30 (IST)16 Aug 2021
    भारत को जीत के लिए लगानी होगी जीजान

    मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने बल्लेबाजी में अपना कौशल दिखाने के बाद इशांत शर्मा के साथ मिलकर इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को थर्राकर दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पांचवें दिन सोमवार को यहां भारत की जीत की संभावनाएं बरकरार रखी। इंग्लैंड ने 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांचवें दिन चाय के विश्राम तक चार विकेट पर 67 रन बनाये हैं। वह लक्ष्य से अभी 205 रन पीछे है लेकिन अंतिम सत्र में बचे हुए 36 ओवरों में वह मैच ड्रा कराने की कोशिश करेगा जबकि भारत बाकी बचे छह विकेट निकालने के लिये अपनी जीजान लगाएगा। 

    20:41 (IST)16 Aug 2021
    बुमराह ने जो रूट को दिखाई पवेलियन की राह

    चायकाल के बाद की तीसरी गेंद पर भारत को एक और सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह ने 23वें ओवर की तीसरी गेंद पर जो रूट को अपना शिकार बनाया। इसके साथ ही इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई। बुमराह की यह बॉल ऑफ स्टंप पर बैक ऑफ लेंथ थी। जो रूट ने रक्षात्मक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और भारतीय कप्तान विराट कोहली के हाथों में समा गई। रूट के पवेलियन लौटने पर पूरी टीम में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। यह झटका इंग्लैंड को बहुत भारी पड़ सकता है। 

    20:19 (IST)16 Aug 2021
    ऐसे लौटे जॉनी बेयरस्टो पवेलियन

    चायकाल से पहले आखिरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो एलबीडब्ल्यू हुए। इशांत ने 22वें ओवर की आखिरी गेंद पर पगबाधा की अपील की। ऐसा लगा बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा। अंपायर ने मना किया। कोहली ने थोड़ा सोचने के बाद रिव्यू लिया। इशांत की ऑफ स्टंप पर गुड लेंथ गेंद अंदर आई, बेयरस्टो डिफेंस करना चाहते थे, स्विंग से बीट हुए, पैड पर लगी गेंद, अल्ट्रा एज ने कहा बल्ले से कोई संपर्क नहीं हुआ। इम्पैक्ट - इन लाइन और विकेट - हिटिंग, अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। बेयरस्टो स्टंप्स के सामने पाए गए। चाय से पहले आखिरी गेंद पर भारत को चौथी सफलता  मिली।

    19:44 (IST)16 Aug 2021
    इंग्लैंड ने रिव्यू बचाया, लेकिन विकेट गंवाया

    16वें ओवर की तीसरी गेंद पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। इशांत शर्मा ने हसीब हमीद को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने अपने ओवर की तीसरी गेंद पर हसीब के खिलाफ पगबाधा की अपील की। अंपायर ने आउट दिया। ऑफ स्टंप की गुड लेंथ यह गेंद टप्पा पड़ने के बाद इन स्विंग हुई, हमीद लाइन और गति दोनों से बीट हुए, गलत लाइन में खेल गए। हमीद ने रिव्यू लिया। टीवी इम्पैक्ट में गेंद इन लाइन और विकेट पर थी। यह अंपायर्स कॉल थी। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट दिया था इसलिए हसीब को पवेलियन लौटना पड़ेगा। हालांकि, उसका रिव्यू बच गया।

    19:37 (IST)16 Aug 2021
    मैच ड्रॉ कराने की सोच रहा होगा इंग्लैंड

    15 ओवर का खेल हो चुका है। इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 43 रन है। इस समय क्रीज पर जो रूट और हसीब हमीद हैं। दोनों के बीच 40 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछले 10 ओवर में दोनों ने 33 रन जोड़े हैं। अब 45 ओवर्स का खेल बचा है। इंग्लैंड को जीत के लिए 229 रन बनाने हैं। ऐसे में इंग्लैंड इस मैच को ड्रॉ कराने पर विचार कर रहा होगा।

    18:54 (IST)16 Aug 2021
    शमी ने भारत को दिलाई दूसरी सफलता, इंग्लैंड बैकफुट पर

    मोहम्मद शमी ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इंग्लैंड ने दूसरे ओवर में अपना दूसरा विकेट गंवाया। शमी के ओवर की चौथी गेंद पांचवें स्टम्प पर गिरने के बाद हल्की से बाहर निकली। डॉम सिबले इस गेंद पर रक्षात्मक शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की। पल-पल में रंग बदलते इस मैच का एक रंग यह भी है। अब भारत इंग्लैंड पर पूरी तरह से हावी हो चुका है।

    18:42 (IST)16 Aug 2021
    शमी-बुमराह को हुआ था शानदार स्वागत, देखें Video

    लंच के समय जब जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी पवेलियन पहुंचे थे तो उनका बहुत ही शानदार अंदाज में स्वागत किया गया था। देखिए वीडियो- 


    18:40 (IST)16 Aug 2021
    बिना खाता खोले पवेलियन लौटे रोरी बर्न्स

    जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी में तीसरी ही गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने रोरी बर्न्स को आउट किया। रोरी बर्न्स बुमराह की इस शॉर्ट ऑफ गुडेलेंथ गेंद को लेग साइड में खेलना चाहते थे। गेंद को अतिरिक्त उछाल ली, बर्न्स समझ नहीं पाए। उनके बल्ले के बाहरी किनारे पर गेंद लगी और हवा में उछली। वाइड मिड ऑफ पर मोहम्मद सिराज फील्डिंग कर रहे थे। उन्होंने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। इंग्लैंड को पहले ही ओवर में लगा झटका लगा। बर्न्स खाता भी नहीं खोल पाए।

    18:32 (IST)16 Aug 2021
    चौथे दिन बहुत अच्छी नहीं थी भारत की स्थिति

    चौथे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 181 रन बनाए थे। तब उसकी इंग्लैंड के खिलाफ लीड 154 रन की थी। चौथे दिन खराब रोशनी के कारण खेल 8 ओवर पहले ही खत्म करना पड़ा था। जिस समय खेल खत्म हुआ था उस समय ऋषभ पंत 14 और इशांत शर्मा 4 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत की पहली पारी के 364 रन के जवाब में 391 रन बनाए थे।

    18:29 (IST)16 Aug 2021
    भारत ने इंग्लैंड को दिया 272 रन का लक्ष्य

    भारत ने लंच के लगभग 2 ओवर के बाद अपनी पारी घोषित कर दी। भारतीय टीम के पास 271 रनों की लीड है। फिलहाल इस टेस्ट मैच में कहीं से भी भारत की हार नज़र नहीं आ रही है। हालांकि, क्रिकेट में कुछ भी कहना आसान नहीं। जो भी हो अगर इंग्लैंड जल्दी-जल्दी 2-3 विकेट गंवा देता है तो यह मैच कहीं ना कहीं भारत की तरफ झुकने लगेगा।

    18:18 (IST)16 Aug 2021
    भारत को लेना होगा अहम फैसला

    पांचवें दिन दो जल्दी विकेट चटकाने के बाद इंग्लैंड का मनोबल बढ़ गया था। नए बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह को उनकी बाउंसर वाली रसोई का स्वाद चखाने की कोशिश की गई। थोड़ी तूतू-मैंमैं भी हुई, लेकिन उसने इंग्लैंड के गेंदबाजों की एकाग्रता भंग कर दी। लंच तक भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में भारत को एक अहम फैसला लेना होगा कि क्या वह पारी घोषित करेगा या इंग्लैंड की टीम को और थकाएगा। लंच के बाद फिर मिलते हैं।

    17:45 (IST)16 Aug 2021
    यह है लंच तक की पारी का सार

    पांचवें दिन का पहले सेशन को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की इस साझेदारी के लिए दशकों तक याद रखा जाएगा। पहले आधे घंटे में ऋषभ पंत और इशांत शर्मा को खोने के बाद भारत मुश्किल में था। अपने पुछल्ले बल्लेबाजों के पर टीम को भरोसा कम था, लेकिन मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने विशेषज्ञ बल्लेबाजों की तरह खेलते हुए 77 रन जोड़े। इस साझेदारी में दोनों शमी और बुमराह ने अपना समय लिया, गेंदों को सम्मान दिया और अपने पाले में मिलने पर कड़ा प्रहार किया। शमी ने पहले चौका और फिर छक्का लगाकर अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने इस मैच में इंग्लैंड की जीत के सारे दरवाजे बंद कर दिए। इससे पहले इशांत शर्मा (16 रन, 24 गेंद, 2 चौके) ने भी अच्छे हाथ दिखाए थे। 

    17:28 (IST)16 Aug 2021
    शमी-बुमराह ने तोड़ा 3 साल पुराना रिकॉर्ड

    भारत ने जब 2018 में इंग्लैंड का दौरा किया था, तब उसके 9वें, 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाज पांच टेस्ट मैच में कुल मिलाकर 74 रन बना पाए थे। शमी और बुमराह ने इस मैच में ही 78 रन से ज्यादा बना लिए हैं और दोनों अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

    17:26 (IST)16 Aug 2021
    छक्का लगा शमी ने पूरी की अपनी दूसरी टेस्ट फिफ्टी

    मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह के बीच 70 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। इस बीच शमी ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। शमी ने 106वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाया और अगली गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही शमी ने टेस्ट क्रिकेट में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। 

    16:45 (IST)16 Aug 2021
    मार्क वुड के ओवर में भारत ने बनाई 201 रन की लीड

    दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के पास 200 से ज्यादा रन की लीड हो गई। मार्क वुड ने भारतीय पारी का 95वां ओवर फेंका। इस ओवर की तीसरी गेंद को जसप्रीत बुमराह ने डीप स्क्वायर लेग की ओर पुल किया और एक रन के लिए दौड़ पड़े। अगली गेंद पर मोहम्मद शमी ने बैकफुट से अजीब अंदाज ने नीचे झुककर गेंद को खेला। उन्होंने ऊपर चढ़ रही बैकऑफ लेंथ गेंद को पॉइंट की ओर भेजा और एक रन ले लिया। इसके साथ ही भारत की लीड 201 रन की हो गई।

    16:25 (IST)16 Aug 2021
    नकल गेंद पर पवेलियन लौटे इशांत शर्मा

    ऑली रॉबिन्सन ने इंग्लैंड को एक और सफलता दिलाई। उन्होंने 90वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत को 8वां झटका दिया। ऑली रॉबिन्सन की इस गेंद को इशांत ने शफल कर के ऑन साइड में मारने की कोशश की, लेकिन गेंद पर उनके पैड पर लगी। अंपायर ने आउट दिया, इशांत ने रिव्यू लिया। अल्ट्रा एज के हिसाब से बैट का किनारा नहीं लगा है और गेंद विकेट पर ही लगेगी, मतलब इशांत को पवेलियन लौटना पड़ा। इशांत मिडिल स्टंप पर लेंथ गेंद को ऑन साइड में खेलना चाहते थे लेकिन बीट हुए। रॉबिन्सन  ने यह नकल गेंद डाली थी।

    16:01 (IST)16 Aug 2021
    रॉबिन्सन ने दिया भारत को 7वां झटका

    पांचवें दिन के चौथे ओवर में इंग्लैंड को 7वीं सफलता मिली। ऑली रॉबिन्सन ने भारत को बड़ा झटका दिया। उन्होंने तीसरी गेंद पर ऋषभ पंत को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। रॉबिन्सन की यह गुड लेंथ बॉल ऑफ स्टम्प के पार जा रही थी। पंत उसे छोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, उन्होंने आगे बढ़ने के लिए मारने की कोशिश की, लेकिन सीम में बहुत गति नहीं थी और बटलर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। पंत 46 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए।

    16:01 (IST)16 Aug 2021
    रॉबिन्सन ने दिया भारत को 7वां झटका

    पांचवें दिन के चौथे ओवर में इंग्लैंड को 7वीं सफलता मिली। ऑली रॉबिन्सन ने भारत को बड़ा झटका दिया। उन्होंने तीसरी गेंद पर ऋषभ पंत को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। रॉबिन्सन की यह गुड लेंथ बॉल ऑफ स्टम्प के पार जा रही थी। पंत उसे छोड़ सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, उन्होंने आगे बढ़ने के लिए मारने की कोशिश की, लेकिन सीम में बहुत गति नहीं थी और बटलर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। पंत 46 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए।

    15:27 (IST)16 Aug 2021
    चौथे दिन पुजारा और रहाणे ने संभाली थी भारतीय पारी

    आपकी जानकारी के लिए बता दें कि चौथे दिन भारत ने लंच तक 56 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने भारतीय पारी को संभाला था। रहाणे और पुजारा ने शतकीय साझेदारी की। भारत ने दूसरे सत्र (लंच से चायकाल के बीच) में 28 ओवर में 49 रन ही बनाए, लेकिन कोई विकेट नहीं गंवाया था।