कप्तान स्टीवन स्मिथ (133) के करियर के छठें शतक, मिशेल जॉनसन (88) और मिशेल स्टार्क (नाबाद 51) की उम्दा बल्लेबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया गाबा क्रिकेट मैदान पर भारत के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को चायकाल तक अपनी पहली पारी में 505 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 408 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया को अब तक 99 रनों की अहम बढ़त मिल चुकी है। अभी भी दिन के 33 ओवर शेष हैं। स्टार्क 57 गेंदों पर छह चौके और जॉश हेज़लवुड 48 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने अंतिम विकेट के लिए अब तक 31 रनों की साझेदारी की है। तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने पहले सत्र में दो विकेट गंवाए।
पहला विकेट मिशेल मार्श (11) के रूप में गिरा जबकि दूसरा विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (6) के रूप में गिरा। मार्श को इशांत शर्मा ने अपनी एक अंदर आती गेंद पर बोल्ड किया। मार्श ने 34 गेंदों पर एक चौका लगाया। उनका विकेट 232 के कुल योग पर गिरा। हेडिन 247 के कुल योग पर आउट हुए। हेडिन को वरुण एरॉन ने चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराया। मार्श दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक सात तथा कप्तान स्मिथ 65 रनों पर नाबाद लौटे थे।
ऑस्ट्रेलिया ने स्टम्प्स तक चार विकेट पर 221 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट गिरे। आउट होने वाले बल्लेबाजों में स्मिथ, जॉनसन और लॉयन शामिल हैं। स्मिथ 133 रन बनाकर इशांत शर्मा की गेंद पर बोल्ड हुए। स्मिथ ने 191 गेंदों का सामना कर 13 चौके और दो छक्के लगाए। स्मिथ ने जॉनसन के साथ सातवें विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की। स्मिथ न 147 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। जॉनसन ने अपना 10वां अर्धशतक लगाया। जॉनसन हालांकि स्मिथ से पहले आउट हुए थे। जॉनसन का विकेट 395 के कुल योग पर गिरा जबकि स्मिथ 398 के कुल योग पर आउट हुए। इसके बाद लॉयन और स्टार्क ने नौवें विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इसमें लॉयन के 23 और स्टार्क के 31 रन शामिल हैं।
लॉयन की विदाई के बाद स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट खेल रहे हेज़लवुड के साथ भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपने करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया। भारत की ओर से इशांत शर्मा और उमेश यादव ने तीन-तीन विकेट लिए हैं जबकि वरुण एरॉन को दो सफलता मिली है। रविचंद्रन अश्विन भी एक विकेट पाने में सफल रहे हैं। भारत को इस मैदान पर जीत का खाता खोलना है। भारत ने इस मैदान पर अब तक पांच मैच खेले हैं लेकिन उसे एक में भी जीत नहीं मिली है।
अंतिम बार दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर दिसम्बर 2003 में सामना हुआ था, जो बराबरी पर छूटा था। खास बात यह है कि इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया 1988 के बाद से अब तक नहीं हारा है। चार मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम 1-0 से आगे है। उसने एडिलेड में भारत को 48 रनों से हराया था। इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच ब्रिस्बेन में ही खेला जाना था लेकिन टेस्ट खिलाड़ी फिलिप ह्यूज़ की असमय मौत के कारण सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।