अफगानिस्तान के खिलाप टी20 सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे। रोहित 14 महीने बाद भारत के लिए कोई टी20 मैच खेलेंगे। 3 मैचों की सीरीज में वह बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। अगर टीम इंडिया ने अफगानिस्तान का क्लीन स्वीप किया तो रोहित शर्मा दुनिया के सबसे सफल टी20 कप्तान बन जाएंगे। वह इस मामले में दिग्गज महेंद्र धोनी समेत 5 खिलाड़ियों की बराबरी करेंगे।

रोहित शर्मा की अगुआई में वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा। हालांकि, टीम ट्रॉफी जीतने में असफल रही। इस शानदार प्रदर्शन के बदौलत टी20 वर्ल्ड कप से पहले रोहित की टी20 टीम में वापसी हुई है और वह कप्तान बनाए गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज गुरुवार, 11 जनवरी से खेली जाएगी। इस दौरान रोहित के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।

टी20 क्रिकेट में दुनिया के सबसे सफल कप्तान

टी20 क्रिकेट में सबसे सफल कप्तानों की बात करें तो अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान अशगर अफगान, भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन, यूगांडा के पूर्व कप्तान ब्रायन मसाबा ने बतौर कप्तान 42-42 जीत दर्ज की हैं।

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत का शानदार रिकॉर्ड

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत 41 मैच जीता है। एक मैच टाई रहा है, लेकिन बॉल आउट में उसने पाकिस्तान को हरा दिया था। उनके अलावा बाकी चारों कप्तानों के मामले में ऐसा नहीं रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत का रिकॉर्ड शानदार है। उनकी कप्तानी में भारत 76.74 प्रतिशत मैच जीता है। यह विराट कोहली के 60 प्रतिशत से अधिक है। कोहली ने 50 टी20 मैचों में भारत का नेतृत्व किया और उनमें से 30 जीते।