छांगटे लालियानजुआला भारत के लिए गोल करने वाले सबसे युवा फुटबालर हो गए और उनके दो गोल की मदद से भारत ने नेपाल को आखिरी ग्रुप मैच में 4-1 से हराकर दक्षिण एशियाई फुटबाल महासंघ कप (सैफ कप) के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत के अलावा ग्रुप ए से श्रीलंका ने भी अंतिम चार में जगह बनाई है। भारत ग्रुप मैचों में अपराजेय रहा जिसने पहले मैच में श्रीलंका को 2-0 से हराया था।

अठारह बरस के लालियानजुआला ने 81वें और 90वें मिनट में गोल किया। इससे पहले रोलिन बोर्गेस (26वें मिनट) और कप्तान सुनील छेत्री (71वें मिनट) ने गोल किए थे। नेपाल के लिए तीसरे ही मिनट में बिमल मगार ने गोल करके बढ़त बना ली थी। नेपाल ने आक्रामक शुरुआत करते हुए तीसरे ही मिनट में पहला गोल किया। नवयुग श्रेष्ठा का शाट पोस्ट के पास जाकर लगा और मागर के सामने गेंद आ गई जिन्होंने रिबाउंड पर गोल किया।

मागर ने 14वें मिनट में एक और शाट लगाया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पहले 16 मिनट में नेपाल का दबदबा रहा जिसने गोल पर चार बार हमले बोले जबकि भारत एक भी हमला नहीं कर सका। भारत को पहला हमला करने में 20 मिनट लगे। होचीचरण नरजारी ने बाक्स के बाहर से पहला शाट लगाया लेकिन नेपाल के गोलकीपर किरण चेमजोंग ने इसे बचा लिया। भारत ने बराबरी का गोल 26वें मिनट में किया जब बोर्गेस ने नारायण दास की फ्रीकिक को गोल में बदला। हाफटाइम तक स्कोर 1-1 था।

दूसरे हाफ में नेपाल ने मागर की जगह जगजीत श्रेष्ठा को उतारा जबकि भारत ने संजू प्रधान की जगह लालियानजुआला को उतारा। नेपाल ने 57वें मिनट में बिशाल राय की जगह योगेश गुरूंग को उतारा। भारत के लिए छेत्री ने 71वें मिनट में दूसरा गोल किया। मूव की शुरुआत बिकास जायरू ने की जिन्होंने नरजारी को गेंद सौंपी।

उन्होंने गेंद छेत्री को दी और नेपाली डिफेंडरों को छकाते हुए छेत्री ने गोल किया। अपना दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे लालियानजुआला ने 81वें मिनट में भारत की बढ़त 3-1 की कर दी। उन्होंने मैच के आखिरी मिनट में एक और गोल करके भारत को 4-1 से जीत दिलाई।