भारत की दीप्ति जीवनजी ने जापान के कोबे में 20 मई 2024 को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में महिलाओं की 400 मीटर T20 रेस में 55.07 सेकंड के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। दीप्ति जीवनजी ने इसके साथ ही पेरिस में ओलंपिक के बाद होने वाले पैरालंपिक खेलों के लिए भी कोटा हासिल किया। पैरा विश्व चैंपियनशिप की ट्रैक स्पर्धा में भारत के किसी एथलीट ने पहली बार गोल्ड मेडल जीता है।

दिन के 150 रुपये कमाने वाले पिता को मिली थी बेटी को अनाथालय भेजने की सलाह, दुनिया कहती थी पागल और बंदर; 7 समंदर पार इतिहास रच दीप्ति जीवनजी ने दिया जवाब

दीप्ति जीवनजी ने अमेरिका की ब्रियाना क्लार्क का 55.12 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। ब्रियाना क्लार्क ने पिछले साल पेरिस में 55.12 सेकंड का समय निकाला था। तुर्की की एसिल ओंडेर 55.19 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एक्वाडोर की लिजांशेला एंगुलो 56.68 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

world para athletic champuionship 2024, deepthi jeevanji, paris 2024 paralympics,
जापान के कोबे में विश्व पैराएथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत की दीप्ति जीवनजी।

इससे पहले दीप्ति जीवनजी ने रविवार 19 मई 2024 को 56.18 सेकेंड (हीट रेस) के समय के साथ नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया और पेरिस 2024 पैरालंपिक कोटा हासिल किया। टी20 वर्ग की रेस बौद्धिक रूप से अक्षम खिलाड़ियों के लिए है।

एशियन पैरा गेम्स में भी जीता था गोल्ड मेडल

दीप्ति जीवनजी ने एशियन पैरा गेम्स 2023 में महिलाओं की 400 मीटर T20 स्पर्धा में स्वर्ण पदक (56.69 सेकंड) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। तब उन्होंने थाइलैंड की ओरावन कैसिंग को पछाड़कर शीर्ष पोडियम स्थान हासिल किया था। ओरावन कैसिंग ने 59.00 सेकेंड का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था, फिर भी उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।

योगेश कथुनिया ने पुरुषों के F 56 वर्ग चक्का फेंक में 41.80 मीटर के साथ रजत पदक जीता। F56 श्रेणी उन एथलीट्स के लिए है जो मैदानी स्पर्धाओं में बैठकर प्रतिस्पर्धा करते हैं। इस वर्ग में विभिन्न एथलीट प्रतिस्पर्धा करते हैं, जिनमें अंग-विच्छेदन और रीढ़ की हड्डी की चोट वाले लोग भी शामिल हैं।

भारत ने जीते अब तक 4 पदक

इससे पहले पैरा एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप 2024 में भारत की प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर T35 श्रेणी में कांस्य पदक जीता। भारत ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में अब तक एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते हैं।

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पिछले संस्करण में भारत ने तीन स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य समेत रिकॉर्ड 10 पदक जीते थे। विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 25 मई 2024 तक चलेगी।