टीम इंडिया ने रविवार को हैदराबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की। भारत ने तीसरे और अंतिम टी20 में जीत के साथ पाकिस्तान को पीछे छोड़ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। टिम डेविड (54) और कैमरन ग्रीन (52) के प्रभावशाली अर्धशतकों के बाद जीत के लिए 187 रनों का पीछा करते हुए भारत ने 19.5 ओवर में जीत हासिल कर ली।

मेंस क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड

टीम इंडिया साल 2022 में अबतक 21 टी20 मैच जीत चुकी है। यह मेंस क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने का रिकॉर्ड है। इससे पहले पाकिस्तान के नाम यह रिकॉर्ड था। साल 2021 में टीम 20 टी20 मैच जीती थी। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने थाईलैंड की महिला टीम के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिसने 2019 में 21 मैच में जीत और चार में हार का सामना किया था।

सूर्यकुमार अबतक साल 2022 में 682 रन बना चुके हैं

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 36 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 69 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने बतौर भारतीय टी20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने साल 2016 में 641 रन बनाए थे। सूर्यकुमार अबतक साल 2022 में 682 रन बना चुके हैं। शिखर धवन इस मामले में शीर्ष पर हैं। उन्होंने साल 2018 में 689 रन बनाए थे। सूर्यकुमार उनसे भी आगे निकल सकते हैं।

युजवेंद्र चहल को सूर्यकुमार ने पीछे छोड़

सूर्यकुमार यादव को उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साल 2021 में उनक टी20 करियर की शुरुआत हुई थी और वह अबतक 6 बार यह खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने इस मामले में युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया। टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच बनने का रिकॉर्ड स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (13) के नाम है। रोहित शर्मा 12 बार के साथ दूसरे और युवराज सिंह 7 बार के साथ तीसरे नंबर पर हैं।