India vs Australia, 2nd One Day International Match: स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल के अर्धशतक और हरलीन देओल के करियर के पहले अंतरराष्ट्रीय शतक की मदद से भारतीय महिला टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैच की सीरीज के दूसरे एकदिवसीय में 50 ओवर में 5 विकेट पर 358 रन का स्कोर खड़ा किया। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम पर खेले गये मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर 22 रन बनाकर आउट हुईं। विकेटकीपर ऋचा घोष 13 और दीप्ति शर्मा 4 रन बनाकर नाबाद रहीं।
स्मृति मंधाना का पिछले 10 दिन में यह पांचवां अर्धशतक है। स्मृति मंधाना 47 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 53 रन बनाकर पवेलियन (रन आउट) लौटीं। इससे पहले स्मृति मंधाना ने 22 दिसंबर को इसी मैदान पर 91 रन की पारी खेली थी। वहीं, 19 दिसंबर को नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्टेडियम पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच में 77 रन बनाये थे। डीवाई पाटिल स्टेडियम पर ही वेस्टइंडीज के खिलाफ क्रमशः दूसरे और पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 62 (17 दिसंबर) और 54 रन (15 दिसंबर) की पारियां खेली थीं।
प्रतीका ने भी लगाया अपना पहला अर्धशतक
प्रतीका रावल ने 86 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 76 रन बनाये। उन्हें जैदा जेम्स की गेंद पर कियाना जोसेफ ने लपका। प्रतीका रावल का भी यह पहला अर्धशतक है। उन्होंने अब तक सिर्फ 2 एकदिवसीय मैच खेले हैं। उन्होंने अपने पहले वनडे में 40 रन की पारी खेली थी।
हरलीन देओल ने ठोके 16 चौके
हरलीन देओल 103 गेंद में 115 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 16 चौके लगाये। हरलीन देओल का इससे पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में उच्चतम स्कोर 77 और टी20 इंटरनेशनल में 52 रन था। हरलीन देओल को कियाना जोसेफ ने अपना शिकार बनाया और आलियाह एलीने के हाथों कैच कराया।
इन तीनों के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने तूफानी पचासा ठोका। जेमिमा ने 36 गेंद में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाये। भारत तीन मैच की सीरीज में 1-0 से आगे है और अपने अब तक के सर्वोच्च वनडे स्कोर की बराबरी करने के बाद टीम 2-0 से बढ़त बनाने की ओर अग्रसर है। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी टीम की ओर से बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। वेस्टइंडीज की ओर से 8 खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की। वेस्टइंडीज की ओर से डिआंड्रा डॉटिन, एफी फ्लेचर, जैदा जेम्स और कियाना जोसेफ ने विकेट लिये।
भारतीय महिला टीम ने 7वीं बार बनाया 300 से ज्यादा का स्कोर
टीम | स्कोर | ओवर | RPO | नतीजा | विपक्ष | मैदान | मैच की तिथि |
भारत महिला | 358/2 | 50 | 7.16 | जीत गया | बनाम आयरलैंड महिला | पोचेशेफस्ट्रूम | 15 मई 2017 |
भारत महिला | 358/5 | 50 | 7.16 | ——- | बनाम वेस्टइंडीज महिला | वडोदरा | 24 दिसंबर 2024 |
भारत महिला | 333/5 | 50 | 6.66 | जीत गया | बनाम इंग्लैंड महिला | कैंटरबरी | 21 सितंबर 2022 |
भारत महिला | 325/3 | 50 | 6.5 | जीत गया | बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | बेंगलुरु | 19 जून 2024 |
भारत महिला | 317/8 | 50 | 6.34 | जीत गया | बनाम वेस्टइंडीज महिला | हैमिल्टन | 12 मार्च 2022 |
भारत महिला | 314/9 | 50 | 6.28 | जीत गया | बनाम वेस्टइंडीज महिला | वडोदरा | 22 दिसंबर 2024 |
भारत महिला | 302/3 | 50 | 6.04 | जीत गया | बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | किम्बरली | 07 फरवरी 2018 |