भारतीय टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला वनडे वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत की। दीप्ति ने मंगलवार (30 सितंबर) को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में श्रीलंका के खिलाफ पहले अर्धशतक जड़कर भारत को मुसीबत से उबारा। इसके बाद गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कविशा दिलहारी को पवेलियन भेजकर बड़ा कीर्तिमान हासिल किया। वह वनडे में भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज बन गईं।
दीप्ति शर्मा के वनडे में 142 विकेट हो गए। उन्होंने नीतू डेविड को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 141 विकेट है। वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय टीम को चुनने वाली चयन समिति की अध्यक्ष नीतू डेविड ही थीं। महिला क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी के नाम है। झूलन ने 255 विकेट लिए हैं। इसके अलावा नूशिन अल खदीर ने 100 और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 99 विकेट लिए हैं।
दीप्ति शर्मा ने का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले 53 गेंद पर 53 रन जड़कर भारत को 269 रन तक पहुंचने में मदद की। एक समय भारतीय टीम का स्कोर 27 ओवर में 6 विकेट पर 124 रन था। ऐसा लग रहा था कि हरमनप्रीत कौर की टीम 150 तक भी पहुंच पाएगी या नहीं। इसके बाद दीप्ति ने अमनजोत कौर 57 के साथ शतकीय साझेदारी की। फिर स्नेह राणा के साथ मिलकर भारत को 250 के पार पहुंचाया।
दीप्ति ने गेंद से भी किया दमदार प्रदर्शन
दीप्ति ने बल्ले के बाद गेंद से दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 विकेट झटके। इसमें श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू का विकेट शामिल हैं। वह 47 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुईं। वह जबतक क्रीज पर थीं श्रीलंका मजबूत स्थिति में थी। उन्होंने हर्षिता समरविक्रमा के साथ 52 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने काविशा दिलहारी 15 और अनुष्का संजीवनी 6 रन को पवेलियन भेजा।