श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 में मंगलवार (23 दिसंबर) को भारत की ओपनर बल्लेबाज शैफाली वर्मा का ताबड़तोड़ अंदाज देखने को मिला। 129 रनों के लक्ष्य को शैफाली ने सिर्फ 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर बौना बना दिया। हालांकि, वह टी20 में बतौर भारतीय महिला बल्लेबाज सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में ऋचा घोष और स्मृति मंधाना को पीछे नहीं छोड़ पाईं।
ऋचा के नाम 18 गेंद पर और स्मृति के नाम 23 गेंद पर अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड है। शैफाली भी 23 गेंदों पर अर्धशतक जड़ चुकी हैं। शैफाली के नाम श्रीलंका के खिलाफ टी20 में बतौर भारतीय संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड हो गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने भी 27 गेंदों पर भी अर्धशतक जड़ा है। शैफाली का यह टी20 इंटरनेशनल में 12वां अर्धशतक था। इनमें 6 अर्धशतक 30 से कम गेंद पर आए हैं।
शैफाली की विस्फोटक बल्लेबाजी
शैफाली एक समय 14 गेंद पर 20 रन बनाकर क्रीज पर थीं। उन्होंने छठे ओवर में 2 चौके और छक्के की मदद से 16 रन बनाए और 19 गेंद पर 36 रन के स्कोर पर पहुंच गईं। इसके बाद उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 10 वें ओवर में चौके से अर्धशतक पूरा किया।
भारतीय महिलाओं की टी20 में सबसे बड़ी जीत, हरमनप्रीत कौर ने की मेग लेनिंग की बराबरी
शैफाली ने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए
शैफाली ने 202.94 के स्ट्राइक रेट से 34 गेंद पर 11 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 129 रनों के लक्ष्य को 11.5 ओवर में हासिल कर लिया। शैफाली ने स्मृति के साथ 19 गेंद पर 29, जेमिमा रोड्रिग्स के साथ 27 गेंद पर 58 और हरमनप्रीत कौर के साथ 24 गेंद पर 41 रनों की साझेदारी की।
शैफाली का टी20 करियर
शैफाली वर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में 91 मैच की 90 पारियों में 25.93 के औसत और 131.17 के स्ट्राइक रेट से 2230 रन बनाए हैं। इसमें 11 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 81 है। उन्होंने 64 छक्के और 282 चौके लगाए हैं।
