भारतीय टेस्ट टीम के लिए पिछले दो साल में यशस्वी जायसवाल रीढ़ की हड्डी बन चुके हैं। उन्होंने अपने दो साल के टेस्ट करियर में 7 शतक लगाकर ही जलवा बिखेर दिया है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेठली स्टेडियम में सीरीज का दूसरा मुकाबला जारी है। इस मैच में उतरने से पहले यशस्वी जायसवाल के नाम 2983 इंटरनेशनल रन दर्ज थे। इस पारी में उन्होंने 17 रन बनाते ही अपने 3000 इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए और एक झटके में विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
यशस्वी जायसवाल अब भारत के लिए सबसे तेज 3000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। हालांकि, दिग्गज सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ने से वह चूक गए हैं। मगर उन्होंने तीन भारतीय दिग्गजों को पीछे छोड़ा है। यशस्वी ने अपने करियर की 71वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ है। जबकि इस मामले में नंबर 1 पर काबिज गावस्कर के बल्ले से 69 पारियों में 3000 इंटरनेशनल रन निकले थे। मगर गांगुली, कोहली और द्रविड़ से वह आगे निकल चुके हैं। आइए देखते हैं पूरी लिस्ट:-
- सुनील गावस्कर – 69 पारी
- यशस्वी जायसवाल- 71 पारी
- सौरव गांगुली- 74 पारी
- शुभमन गिल- 77 पारी
- राहुल द्रविड़- 78 पारी
- पॉली उमरीगर- 79 पारी
- विराट कोहली- 80 पारी
WTC की नंबर 1 पोजीशन पर नजर?
यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में शतकीय पारी खेलते हुए कई रिकॉर्ड बनाए हैं। 24 साल से कम उम्र में उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके अलावा अब वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का 7वां शतक लगाया। अब सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीयों की इस लिस्ट में वह रोहित शर्मा और शुभमन गिल से पीछे हैं। इन दोनों ने ही 9-9 शतक लगाए हैं। रोहित अब संन्यास ले चुके हैं। वहीं गिल अभी शतकों की संख्या बढ़ाकर यशस्वी को नंबर 1 के ताज से दूर रख सकते हैं।