वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक ठोका। उन्होंने सिर्फ 34 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 52 रन ठोक दिए। हालांकि, वह दिग्गज कपिल देव, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। टेस्ट मैच की एक पारी में वह 150 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले वह चौथे भारतीय बल्लेबाज बने।

इशान किशन टेस्ट मैच की एक पारी में 150 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे विकेटकीपर बने। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट सूची में सबसे ऊपर हैं। वहीं ऋषभ पंत दूसरे नंबर पर हैं। इशान की इस पारी के बदौलत टीम इंडिया ने सिर्फ 24 ओवर में 2 विकेट पर 181 रन ठोक दिए। वेस्टइंडीज को 365 रन का टारगेट मिला।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज स्ट्राइक रेट से 50+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज स्ट्राइक रेट से 50+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में शीर्ष पर कपिल देव हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1982 में लॉर्ड्स में 161.81 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। ऋषभ पंत ने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ बेंगलुरु में 161.29 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। शार्दुल ठाकुर ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में 158.33 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इशान किशन ने पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को 152.94 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वहीं हरभजन सिंह ने ट्रेंटब्रिज में साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 145.94 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 50+ रन बनाने वाले विकेटकीपर

एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 50+ रन बनाने वाले विकेटकीपर की सूची में एडम गिलक्रिस्ट शीर्ष पर हैं। उन्होंने पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ 2006/07 में 59 गेंद पर नाबाद 102 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 172.88 का रहा था। दूसरे नंबर पर ऋषभ पंत हैं। उन्होंने 2022 में बेंगलुरु में श्रीलंका के खिलाफ 31 गेंद पर 50 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 161.29 का रहा था। इशान किशन वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 152.94 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर इयान स्मिथ ने पाकिस्तान के फैसलाबाद में 1990 में 42 गेंद पर 61 रन की पारी खेली थी। उनका स्ट्राइक रेट 145.23 का था। इंग्लैंड के विकेटकीपर मैट प्रायर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स में 2009 में 42 गेंद पर 61 रन की पारी खेली थी। उनका स्ट्राइक रेट 145.23 का रहा था।