भारत और श्रीलंका के बीच 3 मैच की टी20 सीरीज 24 फरवरी 2022 से शुरू होनी है। सीरीज का पहला मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना है। भारत और श्रीलंका के बीच रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों के बीच अब तक 22 मैच खेले गए हैं।
इनमें से टीम इंडिया ने 14 में जीत हासिल की है। वहीं, 7 में उसे हार झेलनी पड़ी है। एक मैच का नतीजा नहीं निकला था। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 8 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई हैं। यहां पर भी भारत का पलड़ा भारी है।
टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक 6 टी20 सीरीज अपने नाम की हैं। श्रीलंका ने सिर्फ एक सीरीज जीती है। एक सीरीज ड्रॉ रही है। भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी सीरीज जुलाई 2021 में खेली गई थी। श्रीलंका ने उसे 2-1 से अपने नाम किया था। इससे पहले दोनों के बीच कम से कम 2 मैच की सीरीज दिसंबर 2009 में हुई थी। वह सीरीज एक-एक से ड्रा रही थी।
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 196 छक्के लगे हैं। इसमें से भारत की ओर से 102 और श्रीलंका की ओर से 94 छक्के लगे हैं। दोनों ओर सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित शर्मा और कुसल परेरा संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। रोहित और कुसल ने अब तक 14-14 छक्के लगाए हैं।
इस मामले में दूसरे नंबर पर शिखर धवन हैं। धवन ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक 12 छक्के लगाए हैं। युवराज सिंह 11 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। केएल राहुल और दासुन शनाका 10-10 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर हैं।
द्विपक्षीय सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं गंवाया है। रोहित की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक 5 टी20 मैच खेले हैं। इनमें से 2 मैच निदाहास ट्रॉफी के थे। निदाहास ट्रॉफी में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ एक मैच गंवाया था। बाकी के तीन मैच की बात करें तो भारत ने सभी में जीत हासिल की है।
