IND vs SL, 2ND ODI Match: भारत बनाम श्रीलंका के बीच दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान एक क्षण ऐसा भी जब रोहित शर्मा साथी क्रिकेटर वाशिंगटन सुंदर को मारने के लिए दौड़े। हालांकि, उनका यह एक्शन कोई द्वेषवश नहीं, बल्कि मैदान पर मस्ती का एक नमूना था। रोहित शर्मा की इस मस्ती का वीडियो भारत बनाम श्रीलंका मैच के ब्राडकास्टर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। उनका यह वीडियो थोड़ी ही देर में वायरल हो गया।
दूसरे वनडे इंटरनेशनल में श्रीलंका ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। श्रीलंका को पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज ने झटका दिया। हालांकि, इसके बाद अविष्का फर्नांडो और कुसल मेंडिस ने पारी संभाली। श्रीलंका का स्कोर 16 ओवर में एक विकेट पर 66 रन था। इसके बाद रोहित शर्मा 17वें ओवर के लिए वाशिंगटन सुंदर को लेकर आए और उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को बहुप्रतीक्षित सफलता दिला दी।
वाशिंगटन सुंदर ने अविष्का फर्नांडो का अपनी ही गेंद पर कैच लपका। वाशिंगटन सुंदर ने अपने अगले ओवर की पहली ही गेंद भारत को फिर एक सफलता दिलाई। इस बार उन्होंने कुसल मेंडिस को अपना शिकार (LBW) बनाया। वाशिंगटन सुंदर ने बाद में चरित असालंका का भी विकेट लिया।
इस बीच, रोहित शर्मा और वाशिंगटन सुंदर ने एक मजेदार पल साझा किया। दरअसल, वाशिंगटन सुंदर गेंद फेंकने के लिए आए और एक दम से रुक गए और लौट गए। अंपायर ने डेड का इशारा किया। रोहित यह देखकर थोड़ा निराश हुए। हालांकि, वाशिंगटन सुंदर ने अगली बार फिर ऐसा किया।
इस बार रोहित का जो रिएक्शन आया उसने दुनिया भर के प्रशंसकों को हंसा कर लोटपोट कर दिया। रोहित वाशिंगटन सुंदर की ओर दौड़ने और उन्हें मारने की धमकी देने के बाद हंसने लगे। वाशिंगटन सुंदर भी हंसने लगे।
भारत बनाम श्रीलंका दूसरे वनडे की बात करें तो मेजबान के निचले क्रम के एक और शानदार प्रदर्शन के बाद श्रीलंका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 240 रन बनाए। डुनित वेलालगे ने 39 रन की पारी खेली, जबकि कामिंडु मेंडिस ने 44 गेंद पर 40 रन की पारी खेली। वाशिंगटन सुंदर जहां गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ रहे। कुलदीप यादव ने भी दो विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल दोनों को एक-एक विकेट मिला। भारत बनाम श्रीलंका पहला वनडे मैच नाटकीय रूप से टाई रहा था।