IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में भारत के कप्तान रोहित शर्मा अच्छी लय में नजर आए और वो गेंदबाजों की पिटाई कर ही रहे थे कि आउट हो गए। इस मैच में उन्होंने 20 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली और इस दौरान उन्होंने एक छक्का और 6 चौके लगाए। इस एक छक्के की मदद से उन्होंने क्रिस गेल के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जबकि उनसे आगे निकलने के लिए रोहित शर्मा को एक छक्के की और जरूरत थी।

रोहित शर्मा ने की क्रिस गेल की बराबरी

रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में अपनी पारी के दौरान एक छक्का लगाया और वो वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए। रोहित के नाम पर वनडे में अब 331 छक्के हो गए हैं जबकि क्रिस गेल ने भी 331 छक्के लगाए थे। दोनों अब संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं जबकि इस लिस्ट में पहले नंबर पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी हैं जिन्होंने वनडे की 369 पारियों में 351 छक्के लगाए थे।

वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के

शाहिद अफरीदी – 351 छक्के (369 पारी)
रोहित शर्मा – 331 छक्के (257)
क्रिस गेल – 331 छक्के (294)

रोहित ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में एक छक्का लगाया और वो भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा मैचों में कम से कम एक छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए। रोहित शर्मा ने अब तक 117 वनडे मैचों में कम से कम एक छक्का लगाने का कमाल किया है जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आने वाले धोनी ने 116 मैचों में ऐसा कमाल किया था।

भारत के लिए एकदिवसीय मैच में सबसे ज्यादा बार कम से कम 1 छक्का लगाने वाले खिलाड़ी

117 बार – रोहित शर्मा
116 बार – एमएस धोनी
109 बार – सचिन तेंदुलकर