टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन 85 ओवर में 6 विकेट पर 357 रन बनाए। यह 14वीं बार है, जब टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने 350 से ज्यादा रन का स्कोर किया है। खास यह है कि टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ छठी बार ऐसा कारनामा किया है। पहले दिन ऋषभ पंत हाइएस्ट स्कोरर रहे। वह 96 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में 5वीं बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए।

यदि हम विकेटकीपर्स की बात करें तो एमएस धोनी भी इतनी बार बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए हैं। ऋषभ पंत और एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नर्वस नाइनटीज का शिकार होने वाले विकेटकीपर हैं। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक, ऑस्ट्रेलिया के रोडने विलियम मार्श और इंग्लैंड के एलन फिलिप एरिक नॉट हैं।

ये तीनों ही टेस्ट क्रिकेट में 4-4 बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए। हालांकि, अब यह आंकड़ा बढ़ने वाला नहीं है, क्योंकि डीकॉक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। रोडने मार्श का 4 मार्च 2022 को ही निधन हुआ। वहीं, नौ अप्रैल 1946 को जन्में एरिक नॉट ने 1981 में ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

टेस्ट की पहली 50 पारियों के भीतर सबसे ज्यादा बार नर्वस नाइनटीज का शिकार होने के मामले में ऋषभ पंत संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके साथ वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर गॉर्डन ग्रीनिज, ऑस्ट्रेलिया के क्लेम हिल, वेस्टइंडीज के एलविन कालीचरण हैं। ये सभी अपनी 50 टेस्ट पारियों के भीतर 5-5 बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए थे।

टेस्ट क्रिकेट में अब तक 489 बल्लेबाज नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए हैं। सबसे ज्यादा बार नर्वस नाइनटीज का शिकार होने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया के स्टीव वॉ और सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के नाम है। ये तीनों दिग्गज क्रिकेटर अपने करियर के दौरान 10-10 बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए थे।

भारत ने घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ आखिरी 4 टेस्ट मैच में पहले दिन चौथी बार 350 से ज्यादा का स्कोर किया है। टीम इंडिया ने इससे पहले 2009 में अहमदाबाद में पहले दिन 385/6, 2009 में कानपुर में पहले दिन 417/2, 2017 में कोलकाता में पहले दिन 17/3, 2017 में दिल्ली में पहले दिन 371/4 का स्कोर किया था। अब उसने मोहाली में पहले दिन 357/6 का स्कोर किया।

ऋषभ पंत का श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर यह उच्चतम स्कोर है। उनका घरेलू मैदान पर उच्चतम स्कोर 101 रन है, जो उन्होंने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका घरेलू मैदान पर उच्चतम स्कोर 92 रन है।

विराट कोहली 4 मार्च 2022 को 100 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के 71वें क्रिकेटर बने। वह पहले टेस्ट में 45 रन बनाकर आउट हुए। वह लगातार 71 अंतरराष्ट्रीय पारी में शतक बनाने में नाकाम रहे।