India vs Sri Lanka 3RD T20 Live Score: भारत और श्रीलंका के बीच 3 मैच की सीरीज का आखिरी टी20 मैच 27 फरवरी 2022 को धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया।
इसके साथ ही उसने सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारत ने लगातार तीसरी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। टी20 इंटरनेशनल में भारत की यह लगातार 12वीं जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।
इस मैच से पहले टी20 इंटरनेशनल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने (12 मैच) का वर्ल्ड रिकॉर्ड अफगानिस्तान और रोमानिया के नाम पर था। अफगानिस्ता ने 2018 से 2019 तक लगातार 12 मुकाबले जीते थे। हालाकि, रोमानिया को टेस्ट क्रिकेट टीम का दर्जा हासिल नहीं है।
इस सीरीज में श्रेयस अय्यर एक बार भी आउट नहीं हुए। उन्होंने तीन मैच में अर्धशतक लगाए। उन्होंने सीरीज में 200 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रचा। श्रेयस अय्यर ने पहले टी20 में 28 गेंद में नाबाद 57, दूसरे टी20 में 44 गेंद में नाबाद 74 और तीसरे टी20 में 45 गेंद में नाबाद 73 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर ने इस सीरीज में 174.35 के स्ट्राइक रेट से 204 रन बनाए। अब वह 3 मैच की द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। वह दो मैच में मैन ऑफ द मैच चुने गए और मैन ऑफ द सीरीज भी बने।

इससे पहले श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। श्रीलंका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। भारतीय टीम ने 4 बदलाव किए थे। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 146 रन बनाए। भारत ने 16.5 ओवर में 4 विकेट पर 148 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
श्रीलंका की ओर से कप्तान दासुन शनाका ने 38 गेंद में नाबाद 74 रन बनाए। दासुन शनाका ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने चमिका करुणारत्ने के साथ 47 गेंद में नाबाद 86 रन की साझेदारी की। दोनों ने आखिरी 5 ओवर में 69 रन ठोके। करुणारत्ने 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस के बाद रोहित शर्मा ने बताया, इशान किशन तीसरे टी20 से बाहर हो गए हैं। वह कल रात बेहतर महसूस नहीं कर रहे थे। जसप्रीत बुमराह, भुवी और चहल सभी को आराम दिया गया है। बिश्नोई, कुलदीप, आवेश और सिराज प्लेइंग इलेवन में शामिल हैं। श्रीलंका के कप्तान शनाका ने कहा, प्रवीन जयविक्रमा और कामिल मिसारा बाहर हैं। उनकी जगह जेनिथ लियानागे और जेफरी वांडरसे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।
Sri Lanka in India, 3 T20I Series, 2022
India
148/4 (16.5)
Sri Lanka
146/5 (20.0)
Match Ended ( Day – 3rd T20I )
India beat Sri Lanka by 6 wickets
IND vs SL 3RD T20I: श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप करने के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रचा। उसने अफगानिस्तान और रोमानिया की बराबरी की।
भारत ने इस सीरीज को 3-0 से जीत लिया। सीरीज में श्रेयस अय्यर ने जिस तरीके से खुद को एक बेहतरीन बल्लेबाज के तौर पर साबित किया है, वह काबिलेतारीफ है। उन्होंने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 200 रन बनाए, जो खुद में एक रिकॉर्ड है। आज की मैच की बात करें तो भारतीय गेंदबाजों ने पहले श्रीलंका को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित का विकेट जल्दी गिर गया, लेकिन श्रेयस जैसे ही बल्लेबाज़ी करने उतरे, कभी लगा ही नहीं कि भारतीय टीम किसी भी प्रकार के मुश्किल में है।
16 ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 136 रन है। भारत को जीत के लिए 24 गेंद में 11 रन की जरुरत है। श्रेयस अय्यर ने 43 गेंद में 65 रन बनाए हैं। रविंद्र जडेजा ने 12 गेंद में 16 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 22 गेंद में 33 रन की साझेदारी हो चुकी है।
13वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत को चौथा झटका लगा। लाहिरु कुमारा ने वेंकटेश अय्यर को पवेलियन की राह दिखाई। वेंकटेश 4 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए। कुमारा की यह धीमी गेंद थी। वेंकटेश उनके जाल में फंस गए। वेंकटेश ने शॉर्ट ऑफ गुडलेंथ गेंद को उठा कर स्क्वायर लेग की दिशा में मारा था, लेकिन सही तरीके से कनेक्ट नहीं कर पाए और गेंद सीधे गई स्क्वायर लेग सीमा रेखा के पास खड़े जयाविक्रमा के पास गई। वेंकटेश की जगह रविंद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं।
श्रेयस अय्यर ने 12वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनका टी20 इंटरनेशनल में यह लगातार तीसरा अर्धशतक है। इसी गेंद पर एक और घटना हुई। गेंदबाजी करते हुए जेफरी वांडरसे का एंकल मुड़ गया। वह दर्द में दिखे। उन्होंने दूसरी गेंद फेंकी लेकिन उसके बाद करुणारत्ने ने उनका ओवर पूरा किया।
दस ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 2 विकेट पर 86 रन है। उसे जीत के लिए 60 गेंद में 61 रन चाहिए। श्रेयस अय्यर और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं। श्रेयस ने 25 गेंद में 42 और दीपक ने 14 गेंद में 20 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 22 गेंद में 35 रन की साझेदारी हुई है।
भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 47 रन बनाए। हालांकि, सातवें ओवर की दूसरी ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया। सैमसन ने ओवर की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा था। संजू सैमसन 12 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। संजू की जगह दीपक हुड्डा क्रीज पर आए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 55 रन था।
भारत को दूसरे ओवर में पहला झटका लगा। दुष्मंता चमीरा ने चौथी गेंद पर रोहित शर्मा को करुणारत्ने के हाथों कैच कराया। रोहित 9 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए। चमीरा ने रोहित को लगातार दूसरे मैच और कुल छठी बार पवेलियन की राह दिखाई। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 7 रन है। श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन ने एक-एक रन बनाए हैं।
17 ओवर का खेल हो चुका है। 17 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट पर 103 रन है। 17वें ओवर में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने दूसरी और चौथी गेंद पर चौके जड़े। सिराज के इस ओवर में श्रीलंका ने 13 रन बनाए। इस ओवर में श्रीलंका ने अपना शतक भी पूरा किया। शनाका 24 गेंद में 37 रन बनाए हैं। करुणारत्ने ने 15 गेंद में 8 रन बनाए हैं।
13वें ओवर में हर्षल पटेल आए और पहली ही गेंद पर दिनेश चांडीमल पवेलियन लौटे। उनकी यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ बॉल थी। चांडीमल ने बैकफुट पर जाकर शानदार टाइमिंग के साथ कट किया था, लेकिन गेंद सीधे पॉइंट पर खड़े वेंकटेश के पास गई। हालांकि कैच लेने के क्रम में उन्हें थोड़ी चोट (शरीर के नाजुक अंग पर) भी लगी, लेकिन उन्होंने केच नहीं छोड़ा। चांडीमल 27 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। चांडीमल की जगह चामिका करुणारत्ने क्रीज पर आए।
12 ओवर का खेल हो चुका है। श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 60 रन है। दिनेश चांडीमल 24 और दासुन शनाका 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 21 गेंद में 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। कुलदीप यादव ने 3 ओवर में अब तक 19 रन दिए हैं, लेकिन उन्हें एक भी विकेट हासिल नहीं हो पाया है।
नौवें ओवर में श्रीलंका को चौथा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने जनित लियानागे को बोल्ड किया। बिश्नोई ने लियानागे को अपनी गुगली में फंसाया। बिश्नोई की तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के करीब फुलर थी। लियानागे ने ड्राइव का प्रयास लेकिन बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर गेंद स्टंप्स पर जाकर लगी। लियानागे 19 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। लियानागे की जगह दासुन शनाका क्रीज पर आए हैं।
आठ ओवर का खेल हो चुका है। श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 26 रन है। दिनेश चांडीमल और जनिथ लियानागे ने 7-7 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 24 गेंद में 15 रन की साझेदारी हो चुकी है। आवेश खान ने अब तक 2 और सिराज ने एक विकेट झटका है।
श्रीलंका ने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर अपना तीसरा विकेट गंवाया। यह विकेट आवेश खान के हिस्से आया। आवेश ने इस बार असलंका को पवेलियन भेजा। आवेश की यह गेंद मिडिल स्टंप पर फुलर थी। असलंका मिडविकेट के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गेंद खड़ी हो गई और विकेट के पीछे सैमसन ने दाईं ओर भागकर कैच लेने में कोई गलती नहीं की। असलंका 4 रन बनाकर आउट हुए। असलंका की जगह दिनेश चांडीमल क्रीज पर आए हैं।
दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर भारत को एक और सफलता मिली। इस बार आवेश खान ने पथुम निसंका को अपना शिकार बनाया। मिड-ऑफ पर वेंकटेश अय्यर ने निसंका का शानदार कैच लपका। वह 10 गेंद में एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। निसंका की जगह जनिथ लियानागे क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर चरथ असलंका हैं।
श्रीलंका की ओर से दानुष्का गुनातिलाका और पथुम निसंका ने पारी की शुरुआत की। भारत के लिए मोहम्मद सिराज पहला ओवर लेकर आए। निसंका सिराज की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोल पाए। सिराज ने आखिरी गेंद पर गुनातिलाका को बोल्ड कर दिया। गुनातिलाका खाता भी नहीं खोल पाए।
श्रीलंका: पथुम निसानका, दनुष्का गुणथिलका, चरित असलंका, दिनेश चंडीमल (विकेटकीपर), जेनिथ लियानागे, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, जेफरी वेंडरसे, बिनुरा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रविंद्र जडेजा, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आवेश खान।
भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन को धर्मशाला में दूसरे टी20 इंटरनेशनल में हेलमेट पर चोट लगने के बाद श्रीलंका के खिलाफ तीसरे मैच से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इशान किशन को जांच के लिए कल रात अस्पताल ले जाया गया और सीटी स्कैन किया गया। सीटी स्कैन के नतीजे सामान्य हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उसके कनक्शन पर करीबी नजर रखेगी।
भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला डे-नाइट टेस्ट होगा। इस मैच में 50 प्रतिशत तक दर्शकों को मैदान पर आने की मंजूरी दी गई है। हालांकि, मोहाली में खेले जाने वाला पहला टेस्ट मैच, जो विराट कोहली का 100वां टेस्ट होगा वह बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा।
इस मैदान पर रोहित शर्मा सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक मैच में 106 रन बनाए थे। सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम है।
भारत इस मैच को जीतकर पाकिस्तान का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। वह टी20 इंटरनेशनल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है। अभी यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से भारत और पाकिस्तान के नाम पर है। पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 16 टी20 मैच जीते हैं। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 16 टी20 मैच जीते हैं।
इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ रन चेज 200/3 है। जो दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ मैच में बनाया था। इस मैदान पर सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के पॉल वान मीकरन के नाम है। उन्होंने यहां 3 मैच में 6 विकेट लिए हैं। सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड बांग्लादेश के तमीम इकबाल के नाम है। उन्होंने इस मैदान पर 233 रन बनाए हैं।
धर्मशाला की पिच शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। ऐसे में अगर बल्लेबाज शुरुआती ओवर्स में विकेट नहीं गंवाते हैं तो वे टीम को बड़ा स्कोर बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
India vs Sri Lanka 3RD T20 Match: टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ यदि तीसरे टी20 मैच में भी जीत हासिल कर लेती है तो उसकी टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह लगातार 12वीं विजय होगी। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक सिर्फ दो टीमें अफगानिस्तान और रोमानिया ही लगातार 12 मुकाबले जीत पाईं हैं। रोमानिया को टेस्ट टीम का दर्जा हासिल नहीं है। धर्मशाला स्टेडियम में अब तक कुल 7 टी20 मैच खेले गए हैं। इसमें से 4 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजेता बनी है। दो बार बाद में बल्लेबाजी करने वाली विजेता बनी है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 140 और दूसरी पारी का औसत स्कोर 124 रन है। इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 200/3 है, जो भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में बना था।