Suryakumar Yadav century, Ind vs SA 3rd T20I: साउथ अफ्रीका दौरे पर टी20 सीरीज में भारत के लिए कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में बेहद आकर्षक पारी खेली और अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का चौथा शतक लगाया।

यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ उनका पहला टी20आई शतक था जो उन्होंने 55 गेंदों पर पूरा किया। अपनी इस पारी के दम पर उन्होंने रोहित शर्मा और ग्लेन मैक्सवेल की बराबरी कर ली जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 4-4 शतक लगाए थे, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने मैक्सवेल का यह बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा ग्लेन मैक्सवेल का बड़ा रिकॉर्ड

सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 55 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और इस मैच में 56 गेंदों पर 8 छक्के और 7 चौकों की मदद से 100 रन की पारी खेली। टी20 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह सूर्यकुमार का बेस्ट स्कोर रहा तो वहीं उन्होंने मैक्सवेल को पीछे छोड़ दिया।

सूर्यकुमार यादव अब टी20 में सबसे कम पारियों में 4 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मैक्सवेल ने सिर्फ 92 पारियों में 4 शतक लगाने का कमाल किया था, लेकिन अब सूर्यकुमार ने 4 शतक लगाने के लिए सिर्फ 57 पारियां ही ली और मैक्सी से आगे निकल गए। इस मामले में रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 107 पारियों में 4 शतक लगाए थे।

सबसे कम पारियों में 4 शतक लगाने वाले बल्लेबाज

4 – सूर्यकुमार यादव (57 पारी)
4 – ग्लेन मैक्सवेल (92)
4 – रोहित शर्मा (140)

मैक्सवेल का यह रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार यादव ने तोड़ा

सूर्यकुमार यादव ने बतौर नॉन-ओपनर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना चौथा शतक लगाया और ग्लेन मैक्सवेल को पीछे छोड़ दिया। मैक्सवेल ने टी20 में बतौर नॉन-ओपनर तीन शतक लगाए थे और अब सूर्यकुमार उनसे आगे निकल गए। मैक्सवेल ने टी20 में चार शतक लगाए हैं जिसमें एक शतक उन्होंने ओपनिंग करते हुए लगाया था।

नॉन-ओपनर के रूप में सर्वाधिक T20I शतक

4 – सूर्यकुमार यादव
3 – ग्लेन मैक्सवेल