रोहित शर्मा अक्सर अपने बोलने के मजाकिया अंदाज को लेकर भारतीय टीम के खिलाड़ियों के बीच चर्चा में रहते हैं। जब वह कप्तान थे तो अक्सर स्टंप माइक की रिकॉर्डिंग से उनके कई फनी ऑडियो वायरल होते रहते थे। अब जब वह कप्तान नहीं टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं तब भी उनका यह अंदाज बदला नहीं है। रांची वनडे में भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली के शतक के बाद उनका एक वीडियो जमकर वायरल हुआ।
दरअसल जब विराट कोहली ने शतक पूरा किया तो रोहित शर्मा ने ड्रेसिंग रूम में हंसते हुए ताली बजाते हुए कुछ ऐसा कहा जिसको सुनकर उनके पास खड़े अर्शदीप सिंह हंसने लगे। रोहित की लिप्सिंग को पढ़ा जाए तो काफी लोग समझ सकते हैं कि उन्होंने चिर परिचित अंदाज में क्या प्रवचन दिए थे। मगर उसे हम लिख नहीं सकते हैं। लेकिन अब अर्शदीप सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो में बताया है कि रोहित शर्मा ने क्या कहा था।
अर्शदीप सिंह ने लिए मजे
अर्शदीप सिंह का पंजाब किंग्स और उनके खुद के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह बता रहे हैं कि कल से (रविवार मैच के दिन से) कई लोग उनको मैसेज कर रहे और कॉल करके पूछ रहे कि रोहित भाई ने विराट के शतक के बाद आखिर क्या कहा था? इस पर वह मजे लेते हुए एक वायरल मीम का कमेंट मारते हैं और कहते हैं,”रोहित भाई ने कहा था ‘नीली परी लाल परी कमरे में बंद, मुझे नादिया पसंद’…।” इसके बाद अर्शदीप हंसने लगते हैं।
IND vs SA: विराट कोहली के शतक से वायरल हुई मिस्ट्री गर्ल कौन? IPL में भी आ चुकी हैं नजर
हालांकि, वह खुद जानते हैं कि रोहित शर्मा ने जो कहा था वो रोहित और उनके साथी खिलाड़ी ही जानते हैं क्योंकि सभी उनके इस अंदाज से वाकिफ हैं। मगर उन्होंने एक मजाकिया अंदाज में इस मामले को मोड़ा और एक वायरल मीम की पहेली बुझाते हुए बात कही। रांची वनडे में अर्शदीप सिंह ने भी गेंदबाजी में दो विकेट लेते हुए टीम की जीत में अहम योगदान निभाया था।
रोहित शर्मा ने तोड़ा था अफरीदी का रिकॉर्ड
रांची वनडे जितना विराट कोहली के ऐतिहासिक 52वें वनडे शतक के लिए याद किया जाएगा। वहीं उतना ही रोहित की भी 57 रन की वो पारी याद की जाएगी। खासतौर से इस पारी में रोहित शर्मा के बल्ले से निकले वो छक्के जिन्होंने उन्हें वनडे का भी सिक्सर किंग बनाया और शाहिद अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया। रोहित के नाम अब वनडे में सर्वाधिक 352 और इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक 645 छक्के दर्ज हैं।
