इंटरनेशनल मास्टर्स लीग टी20, 2025 में इंडिया मास्टर्स ने शनिवार (1 मार्च) को साउथ अफ्रीका मास्टर्स को 85 रन पर आउट कर दिया। 38 साल के लेग स्पिनर राहुल शर्मा ने हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी। राहुल ने साउथ अफ्रीका की पारी में 5 वें ओवर में हाशिम अमला, जैक्स कैलिस और जैक्स रूडोल्फ को आउट किया। तीनों साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। तीनों इंटरनेशनल क्रिकेट में संयुक्त रूप से 48 हजार रन बनाए हैं।

इंडिया मास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हेनरी डेविड्स और हाशिम अमला ने साउथ अफ्रीका मास्टर्स को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 25 गेंद पर 35 रन की साझेदारी की। इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए 4 वनडे और 2 टी20 खेलने वाले राहुल शर्मा ने 5 वें ओवर की पहली गेंद पर अमला को बोल्ड करके साझेदारी तोड़ी। उन्होंने 9 रन बनाए।

जैक्स कैलिस और जैक्स रूडोल्फ हुए एलबीडब्ल्यू

इसके बाद कप्तान जैक्स कैलिस बल्लेबाजी के लिए आए। राहुल शर्मा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। इसके बाद जैक्स रूडोल्फ बल्लेबाजी के लिए आए। राहुल शर्मा ने उन्हें भी एलबीडब्ल्यू कर दिया और हैट्रिक पूरी की। साउथ अफ्रीका का स्कोर 4 ओवर में बगैर विकेट के 35 रन से 4.3 ओवर में 3 विकेट पर 35 रन हो गया। इंडिया मास्टर्स के लिए राहुल शर्मा की हैट्रिक के अलावा युवराज सिंह ने 3 विकेट लिए। पवन नेगी और स्टुअर्ट बिन्नी को 2-2 विकेट मिले।

साउथ अफ्रीका के केवल 2 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए

साउथ अफ्रीका के केवल 2 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। हेनरी डेविड्स ने 38 और डेन विलास ने 21 रन बनाए। 4 बल्लेबाज खाता नहीं खेल पाए। जैक्स कैलिस और जैक्स रूडोल्फ के अलावा गार्नेट क्रूगर पहली ही गेंद पर आउट हुए। वर्नेन फिलेंडर भी खाता नहीं खोल पाए। फरहान बेहार्डियन ने 9 रन बनाए। मखाया नतिनी 1 और एडी लिई ने नाबाद 1 रन बनाए।