टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार (20 दिसंबर) को होना है। इससे एक दिन पहले अहमदाबाद में शुक्रवार (19 दिसंबर) को अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपनिंग करने के लिए उतरे। शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद मिले मौके को भुनाने में सैमसन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने चौथी ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इस बीच अभिषेक ने बेहतरीन लय में बल्लेबाजी जारी रखी। हालांकि, वह विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए।
कोहली से आगे नहीं निकल पाए अभिषेक
अभिषेक शर्मा 21 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। वह 12 रन से विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। कोहली ने 2016 में 1614 रन बनाए थे। उनके नाम एक कैलेंडर वर्ष में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। अभिषेक शर्मा ने 1602 रनों के साथ 2025 समाप्त किया।
संजू ने बढ़ाई गिल की टेंशन
शुभमन गिल को पैर के अंगूठे में चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 में बाहर बैठना पड़ा। संजू ने मौके का भरपूर फायदा उठाया। उन्होंने 22 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। उन्होंने अभिषेक के साथ 34 गेंद पर 63 और और तिलक वर्मा के साथ 21 गेंदों पर 34 रनों की साझेदारी की। संजू की इस पारी ने गिल की टेंशन बढ़ा दी होगी, जो लगातार संघर्ष करते दिखे हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम: पंत की कप्तानी में खेलेंगे कोहली, 20 खिलाड़ी चुने गए
क्या शुभमन बैठेंगे बाहर
एशिया कप 2025 में शुभमन गिल की बतौर उपकप्तान टी20 टीम में वापसी हुई। इसके बाद संजू को मिडिल ऑर्डर में मौका मिला। वह अच्छा नहीं कर पाए तो जितेश शर्मा को प्लेइंग 11 में मौका दिया गया। इस दौरान गिल ने 15 मैच की 15 पारियों में 24.25 के औसत और 137.26 के स्ट्राइक रेट से 291 रन बनाए हैं। इसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या आगे संजू को मौका मिलेगा या नहीं।
