भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट प्लेयर्स ने हाल ही में हुए एशिया कप 2025 में हाथ नहीं मिलाया था। इसके बाद हैंडशेक विवाद पर काफी बातें हुईं। महिला वर्ल्ड कप 2025 में भी भारतीय क्रिकेटर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। मगर अब हॉकी में इस प्रथा को बदल दिया गया। मलेशिया के जोहर बारू में जारी सुल्तान जोहर कप जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया लेकिन आपस में हाई फाइव करते दिखे।
यह तो वही बात हो गई कि गुड़ खाया गुलगुले से परहेज। यानी भारतीय जूनियर हॉकी टीम उस ट्रेंड को आगे नहीं ले जा सकी जिसे पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने फॉलो किया था। इसके बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि पहलगाम के शहीदों के साथ धोखा हुआ। वहीं पाकिस्तान की तरफ से यूजर्स का कहना था कि यह खेल भावना का सही नमूना है। मगर यह डिबेट काफी बड़ा है और पिछले कई दिनों से इस पर बात भी हो रही है। अगर मैच की बात करें तो मुकाबला 3-3 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
भारत ने की अच्छी वापसी
इस मैच में हाफ टाइम तक पाकिस्तान की टीम 0-1 से आगे चल रही थी। भारतीय टीम ने पहले हाफ में खास खेल नहीं दिखाया था। मगर दूसरे हाफ में टीम ने शानदार वापसी की। दूसरे हाफ में पाकिस्तान ने एक वक्त 0-2 की बढ़त ले ली थी। मगर उसके बाद भारत ने आखिरी के 5 मिनट तक स्कोर को 3-2 कर दिया था। मगर अंतिम 5 मिनट में पाकिस्तान के लिए सुफियान खान ने गोल करके स्कोर को 3-3 से बराबर किया और मुकाबला टाई हो गया।
पाकिस्तान के लिए सुफियान खान इस मैच में हीरो रहे जिन्होंने दो गोल दागे। वहीं एक गोल हन्नान शाहिद ने किया। पहले पांच मिनट में ही हन्नान ने पाकिस्तान को बढ़त दिला दी थी। फिर सुफियान ने उसे 0-2 कर दिया। लेकिन भारत के लिए अरई जीत सिंह ने पहला गोल करके टीम का खाता खोला। उसके बाद सौरभ आनंद कुशवाहा ने दूसरा गोल दागा और स्कोर 2-2 की बराबरी पर पहुंचा दिया।
अंतिम क्वार्टर के 53वें मिनट में मनमीत सिंह ने गोल करके भारत को 3-2 की बढ़त दिलाई और यहां से उसे जीत की खुशबू आने लगी थी। मगर टीम इंडिया डिफेंस अच्छा नहीं दिखा पाई और सुफियान ने स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। दोनों टीमों को इसी के साथ अंक भी शेयर करने पड़े।