दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 21 सितंबर 2025 की रात भारत ने फिर से पाकिस्तान का मान-मर्दन किया। इस जीत के साथ वह एशिया कप 2025 में सुपर 4 चरण की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया। शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की धाकड़ बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत पकड़ दी। भारत ने खेल और संयम दोनों में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की और फैंस को रोमांचित कर दिया।
वहीं, पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर बौखलाहट और हल्ला मचाते दिखे। मैच के दौरान कई विवादास्पद घटनाएं घटीं, जिन्होंने मैच के रोमांच के साथ-साथ दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव को भी उजागर किया। हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ियों के इशारों ने माहौल गर्मा दिया। सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की जमकर लानत-मलामत की।
विकेट गंवाना हजम नहीं कर पाए फखर जमान
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमान को हार्दिक पंड्या की गेंद पर संजू सैमसन ने कैच किया। हालांकि, पाकिस्तानी खिलाड़ी इससे सहमत नहीं थे। मामला थर्ड अंपायर तक पहुंचा। थर्ड अंपायर ने कैच क्लियर माना। इसके बावजूद फखर जमान ने थर्ड अंपायर के फैसले पर असंतोष व्यक्त किया। वह रुककर मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों को घूरने लगे, जिससे मैदान पर तनाव बढ़ा।
साहिबजादा फरहान का ‘गन’ इशारा
पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक पूरा करने के बाद ‘गन’ चलाने जैसा इशारा किया। यह इशारा भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे राजनीतिक तनाव को और बढ़ाने वाला था।
छक्का खाने पर अभिषेक से भिड़े अफरीदी
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा और पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के बीच मैच के दौरान तीखी नोकझोंक हुई। अभिषेक ने भारतीय पारी की शुरुआत ही छक्का लगाकर की। शाहीन अफरीदी को यह रास नहीं आया। अफरीदी ने अभिषेक से कुछ कहा। मामला गर्मा गया। दोनों लगभग भिड़ ही गए थे। अभिषेक ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी बिना कारण उनसे उलझे।
हारिस रऊफ का ‘6-0’ इशारा
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भारतीय दर्शकों की ओर ‘6-0’ का इशारा किया। पाकिस्तानी गेंदबाज के इशारे को लोगों ने राजनीतिक संदर्भ में लिया। यह इशारा सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बना। यही नहीं, हारिस ने बाउंड्री लाइन पर भी भारतीय दर्शकों की ओर इशारे किये।
हरकतों से बाज नहीं आए हारिस
हारिस रऊफ ने विमान गिरने जैसा इशारा किया। यह भारत के ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में था, जिसमें पाकिस्तानी सेना ने झूठा दावा किया था कि उसने भारतीय लड़ाकू विमानों को गिराया था। हारिस का यह इशारा भारतीय दर्शकों को उकसाने वाला था। इसके बाद हारिस की खूब भद पिटी।
अभिषेक ने शाहीन अफरीदी की पहली ही गेंद पर जड़ा छक्का, तोड़े रोहित, यशस्वी, संजू के रिकॉर्ड: Video
खेल पर असर
भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले में इन घटनाओं ने खेल को छाया में डाल दिया और खेल भावना पर सवाल उठाए। पाकिस्तान की ऐसी हरकतों ने खेल स्तर को प्रभावित किया और दोनों टीमों के बीच की प्रतिद्वंद्विता को और गहरा कर दिया। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों की ऐसी हरकतों को लेकर बहस छिड़ गई। कई क्रिकेट प्रेमियों ने इसे अस्वीकार्य और अनुशासनहीन माना।