कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 111) और शिखर धवन (114) के बीच हुई रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर भारत ने पाकिस्तान को नौ विकेट से हरा दिया। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एशिया कप-2018 के सुपर-4 मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारत की गेंदबाजी शानदार रही, विशेषकर आखिरी ओवरों में जसप्रीत बुमराह ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया। पाकिस्तानी टीम 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 237 रन ही बना सकी। जवाब में रोहित और शिखर ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। टीम ने सिर्फ धवन का विकेट खोकर 39.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
एशिया कप 2018 में पाकिस्तान के साथ भारत की यह दूसरी भिड़ंत थी। शिखर ने करिअर का 26वां और टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक लगाया। उन्होंने हांगकांग के खिलाफ भी शतक बनाया था। वहीं रोहित का टूर्नामेंट में यह पहला और कुल 19वां शतक है। रोहित ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए वनडे करिअर में अपने 7000 रन पूरे किए।
विकेटों के अंतर से यह पाकिस्तान पर भारत की सबसे बड़ी जीत है। वनडे में इससे पहले भारत कभी भी 9 विकेट से मैच नहीं जीता था। इसके साथ ही रोहित शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले दो मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान बन गए। अब तक नौ अन्य भारतीय कप्तानों ने पहले दो में से एक मैच जीता था।
वनडे मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भारतीय जोड़ी ने इससे बड़ी सलामी साझेदारी नहीं की थी। दुबई में 210 रनों की साझेदारी कर रोहित-धवन ने 1998 में सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर द्वारा 159 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा। वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए भी यह भारत की सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग पार्टनरशिप है। इससे पहले, 2009 में हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने 201* रनों की साझेदारी की थी।
वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां करने वाली भारतीय जोड़ियों में रोहित और धवन की जोड़ी अब दूसरे नंबर पर है। सिर्फ सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली (21), विराट कोहली और रोहित शर्मा (14) ही उनसे आगे हैं। भारतीय बल्लेबाजों में, रोहित ने महेंद्र सिंह धोनी के बाद सबसे तेजी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 छक्के लगाए हैं।
अपने 30वें मैच में युजवेंद्र चहल ने वनडे में 50 विकेट पूरे किए। सबसे जल्दी यह मुकाम छूने वाले भारतीय स्पिनर्स की सूची में वह दूसरे नंबर पर हैं। कुलदीप ने यह कारनामा 24 मैच में किया है।
धवन ने बड़े टूर्नामेंट्स (विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप) में अब तक सात शतक लगाए हैं। उनसे ज्यादा शतक लगाने वालों में सनथ जयसूर्या (10), कुमार संगाकारा (10), सचिन (9) और गांगुली (8) का नाम आता है।
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट के इतिहास में 5,000 रन बनाने वाले विश्व के 20वें ओपनर हैं। भारत में ऐसा करने वाले वह चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन, सौरव, सहवाग ऐसा कर चुके हैं। एशिया कप इतिहास में सिर्फ सात बार 200 या उससे ज्यादा की साझेदारी हुई है। धवन-रोहित की जोड़ी ऐसा करने वाली तीसरी भारतीय जोड़ी है।
