IND vs NZ 3rd T20I: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 20 ओवर में 5 विकेट पर 179 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनर रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली का अहम रोल रहा। रोहित ने 6 चौके और 3 छक्के की मदद से जहां 40 गेंद पर 65 रन की पारी खेली। वहीं, विराट ने 27 गेंद पर 38 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके और एक छक्का लगाया। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने न सिर्फ अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि दोनों ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में पहले से ही नंबर वन पर हैं। अब वे बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। विराट के टी20 इंटरनेशनल में अब 2745 रन हो गए हैं।
अब विराट कोहली के बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1125 रन हो गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 72 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 37.06 के औसत से 1112 रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 18 मैच में 38.35 के औसत से 652 रन बनाए हैं। इस मामले में टॉप पर दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फॉफ डुप्लेसी हैं।
रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय मैचों में बतौर ओपनर (पहले और दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले) 10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 21वें और भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। लेकिन एक मामले में वे नंबर वन बन गए हैं। रोहित का बतौर ओपनर 50 से ज्यादा रन का औसत है। वे 10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले ओपनर हैं, जिसका औसत 50 या उससे ज्यादा का है।