IND vs NZ ICC World Cup 2023 Semi Final Cricket Score in Hindi: भारत ने 12 साल बाद आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया ने 15 नवंबर की रात मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से हराया। इससे पहले भारत ने एमएस धोनी की अगुआई में 2011 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी और खिताब जीता था।

विश्व कप 2023 में भारत की यह लगातार 10वीं जीत है। मोहम्मद शमी प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने 7 विकेट लिए। वह वनडे विश्व कप में एक मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट पर 397 रन बनाए। उसकी ओर से विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने शतक लगाए।

विराट कोहली ने जहां 50वां वनडे शतक लगाकर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। वहीं, श्रेयस अय्यर रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ के क्लब में शामिल हुए। वह द्रविड़ और रोहित के बाद विश्व कप में लगातार दो या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बने। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड 48.5 ओवर में 327 रन पर ऑलआउट हो गई।

न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 7 छक्के की मदद से 119 गेंद में 134 रन बनाए। कप्तान केन विलियमसन 69 और ग्लेन फिलिप्स 41 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड के आखिरी के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। इससे पहले रोहित ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं केन विलियमसन ने भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया। भारत बनाम न्यूजीलैंड सेमीफाइनल मैच के बॉल टू बॉल स्कोर और कमेंट्री के लिए क्लिक करें।

Match Ended

ICC Cricket World Cup, 2023

India 
397/4 (50.0)

vs

New Zealand  
327 (48.5)

Match Ended ( Day – 1st Semi-Final )
India beat New Zealand by 70 runs

Live Updates

India vs New Zealand Semi Final: रोहित शर्मा कपिल देव, सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी के क्लब में शामिल हो गए।

22:38 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: वानखेड़े स्टेडियम में 15 नवंबर को कई रिकॉर्ड बने

वानखेड़े स्टेडियम में 15 नवंबर को कई इतिहास रचे गए। विराट कोहली ने ऐतिहासिक 50वां वनडे शतक लगाया। श्रेयस अय्यर ने पहले ही वनडे विश्‍व कप में दूसरा शतक लगाया। फिर मोहम्‍मद शमी 7 विकेट लेने में कामयाब रहे। यह वनडे विश्‍व कप में किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है।

22:36 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने विश्व कप 2023 में लगातार 10वीं जीत हासिल की

शमी ने 5वीं गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन का विकेट झटका। उनकी यह गेंद ऑफ स्‍टम्प पर फुलर थी। बल्‍ले का बाहरी किनारा लेकर गेंद सीधा केएल राहुल के हाथों में गई। इसके साथ ही भारत ने विश्‍व कप 2023 में लगातार 10वीं जीत दर्ज की।

22:34 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: मोहम्मद शमी ने झटका छठा विकेट

मोहम्मद शमी 49वां ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर टिम साउदी को विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराया। टिम साउदी 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शमी की यह गेंद चौथे स्‍टम्प पर ओवर पिच थी। टिम साउदी के बल्‍ले का बाहरी किनारा लेकर गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के दस्तानों में समां गई। इसके साथ ही वह वनडे विश्‍व कप में भारत के लिए छह विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले यह उपलब्धि आशीष नेहरा के नाम थी। आशीष नेहरा ने 2003 में इंग्‍लैंड के खिलाफ यह कारनामा किया था।

22:25 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: सिराज को भी मिला विकेट

मोहम्मद सिराज 48वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी पांचवीं गेंद पर न्यूजीलैंड को 8वां झटका दिया। उन्होंने मिचेल सैंटनर को एक्स्ट्रा कवर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। सैंटनर 10 गेंद में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सिराज की यह गेंद चौथे स्‍टम्प पर बाउंसर थी। सैंटनर ने शफल कर अपर कट करने की कोशिश की, लेकिन लपके गए।

22:15 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: मोहम्मद शमी का न्यूजीलैंड पर पंजा

मोहम्मद शमी 46वां लेकर आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर न्यूजीलैंड के हाइएस्ट स्कोर डेरिल मिचेल को पवेलियन की राह दिखाई। इसके साथ ही विश्व कप 2023 में तीसरी बार 5 विकेट लिए। शमी की यह गेंद लेग स्‍टम्प पर ओवर पिच थी। डेरिल मिचेल ने उठाकर मारने की कोशिश की, लेकिन डीप मिडविकेट पर रविंद्र जडेजा के हाथों लपके गए। विश्‍व कप करियर में उनका यह चौथा पंजा है।

22:07 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: कुलदीप ने झटका मार्क चैपमैन का विकेट

कुलदीप यादव 44वां ओवर लेकर आए। उन्होंने 5वीं गेंद पर भारत को छठी सफलता दिलाई। कुलदीप की यह गेंद लेग स्टम्प पर फुलर थी। मार्क चैपमैन ने स्‍लॉग स्‍वीप कर डीप स्‍क्‍वायर लेग की ओर खेलना चाहा, लेकिन वहां रविंद्र जडेजा के हाथों लपके गए। मार्क चैपमैन 5 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मार्क चैपमैन की जगह मिचेल सैंटनर बल्लेबाजी करने के लिए आए। 44 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 299 रन है।

22:00 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: बुमराह की गेंद पर जडेजा ने लपका ग्लेन फिलिप्स का कैच

जसप्रीत बुमराह 43वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी 5वीं गेंद पर भारत को 5वीं सफलता दिलाई। लॉन्ग ऑफ पर रविंद्र जडेजा ने ग्लेन फिलिप्स का कैच लपका। बुमराह की यह गेंद पांचवें स्‍टम्प पर धीमी गति की फुलर थी। ग्लेन फिलिप्स मारने के लिए गए, लेकिन जडेजा ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। 43 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 5 विकेट पर 295 रन है। डेरिल मिचेल के 113 गेंद में 131 रन हैं। मार्क चैपमैन का अभी खाता नहीं खुला है।

21:48 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 41 ओवर में बनाए 286 रन, गंवाए 4 विकेट

41 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 4 विकेट पर 286 रन है। डेरिल मिचेल के 108 गेंद में 127 रन हैं। ग्लेन फिलिप्स के 27 गेंद में 36 रन हैं। दोनों के बीच 50 गेंद में 66 रन की साझेदारी हो चुकी है। पिछले 5 ओवर में न्यूजीलैंड के खाते में 55 रन आ चुके हैं। भारतीय गेंदबाजों को जल्द से जल्द यह साझेदारी तोड़नी होगी। सिराज के 41वें ओवर से न्यूजीलैंड के खाते में 20 रन आए।

21:30 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: पिछले 5 ओवर में न्यूजीलैंड ने बनाए 25 रन

38 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 4 विकेट पर 245 रन है। डेरिल मिचेल के 101 गेंद में 113 रन हैं। ग्लेन फिलिप्स के 16 गेंद में 11 रन हैं। दोनों के बीच 32 गेंद में 25 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, पिछले 5 ओवर में टीम के खाते में 25 रन ही आए हैं।

20:57 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: शमी ने 3 गेंद में झटके 2 विकेट

मोहम्मद शमी 33वां ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर डेरिल मिचेल ने एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इस विश्व कप में भारत के खिलाफ 2 शतक लगे हैं और दोनों शतक डेरिल मिचेल के बल्ले से ही आए हैं। हालांकि, अगली ही गेंद पर शमी ने वह किया जिसकी भारत को लंबे समय से तलाश थी। उन्होंने केन विलियमसन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। शमी यही नहीं रुके। उन्होंने चौथी गेंद पर टॉम लैथम को एलबीडब्ल्यू किया। लैथम खाता भी नहीं खोल पाए।

20:45 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: भारत को हर हाल में तोड़नी होगी विलियमसन और मिचेल की जोड़ी

31 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 213 रन है। भारत का इतने ओवर में स्कोर 221 रन था। इस तरह अब ज्यादा का अंतर नहीं बचा है। डेरिल मिचेल के 80 गेंद में 98 रन हैं। केन विलियमसन के 70 गेंद में 64 रन हैं। 31वें ओवर में मिचेल ने बुमराह की गेंद पर छक्का भी लगाया।

20:37 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: डेरिल मिचेल शतक के करीब

29 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 188 रन है। डेरिल मिचेल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके 74 गेंद में 84 रन हैं। केन विलियमसन के 64 गेंद में 53 रन हैं। न्यूजीलैंड का मौजूदा रनरेट 6.48 है। उसे 10.03 के रनरेट की जरुरत है। न्यूजीलैंड ने आखिरी 5 ओवर में 38 रन बनाए हैं और कोई विकेट नहीं गंवाया है।

20:12 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: डेरिल मिचेल ने पूरा किया अर्धशतक

रविंद्र जडेजा का 23वां ओवर लेकर आए। डेरिल मिचेल ने उनकी पहली गेंद एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। विश्व कप में यह उनकी चौथी 50+ रन की पारी है। 23 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 148 रन है। डेरिल मिचेल के 51 गेंद में 51 रन हैं। केन विलियमसन के 51 गेंद में 46 रन हैं। दोनों के बीच 93 गेंद में 109 रन की साझेदारी हो चुकी है।

20:06 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: डेरिल मिचेल का शानदार छक्का

21वें ओवर में रविंद्र जडेजा ने 9 रन दिए. ओवर की पांचवीं गेंद पर डेरिल मिचेल ने लॉन्ग ऑन पर छक्का जमाया। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी होने वाली है जो कि भारत के लिए बड़ा खतरा बनती दिख रही है।

19:54 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: केन विलियमसन बाल-बाल बचे

केन विलियमसन रनआउट होने से बाल-बाल बचे। विलियमसन रन लेने के लिए दौड़े लेकिन फिर वापस आने का फैसला किया। केएल राहुल के ग्लव्स बेल्स से टकरा गए जिसके कारण बेल्स हिल गई। गेंद बेल्स से लगी ही नहीं। केन विलियमसन बच गए। भारत को फिलहाल विकेट की बहुत जरूरत है।

19:42 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: केन विलियमसन और डेरिल मिचेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी

कुलदीप यादव 16वां ओवर लेकर आए। कुलदीप यादव की दूसरी गेंद पर डेरिल मिचेल ने एक रन लिया। इसके साथ ही केन विलियमसन और डेरिल मिचेल के बीच 48 गेंद में 50 रन की साझेदारी पूरी हो गई। 16 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 93 रन है। डेरिल मिचेल के 28 गेंद में 21 रन हैं। केन विलियमसन के 32 गेंद में 25 रन हैं।

19:37 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 15 ओवर में बनाए 87 रन, गंवाए 2 विकेट

15 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 87 रन है। केन विलियमसन के 29 गेंद में 23 रन हैं। डेरिल मिचेल के 25 गेंद में 17 रन हैं। दोनों के बीच 45 गेंद में 48 रन की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड का मौजूदा रनरेट अभी 5.8 है। उसे 8.89 के रनरेट की आवश्यकता है।

19:22 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 12 ओवर में बनाए 62 रन, गंवाए 2 विकेट

12 ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 62 रन है। केन विलियमसन के 21 गेंद में 6 रन हैं। डेरिल मिचेल के 15 गेंद में 14 रन हैं। दोनों के बीच 27 गेंद में 23 रन की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड ने अब तक 5.17 के रनरेट से स्कोर किया है। उसे 8.84 के रन रेट की जरुरत है।

19:04 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: शमी ने भारत को दिलाई दूसरी सफलता

शमी 8वां लेकर आए और चौथी गेंद भारत को एक और सफलता दिला दी। यह विकेट भी पहले का रिप्ले ही था। शमी की यह गेंद चौथे स्‍टम्प पर गुड लेंथ थी। टप्पा खाने के बाद अंदर की ओर आ रही थी। रचिन रविंद्र डिफेंस करने गए, लेकिन टाइमिंग मिस कर गए और गेंद ने बल्‍ले का महीन किनारा लेकर पीछे गई। वहां केएल राहुल ने काफी लो कैच पकड़ लिया। रचिन रविंद्र 22 गेंद में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह डेरिल मिचेल बल्लेबाजी के लिए आए।

18:58 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्युूजीलैंड ने 7 ओवर में बनाए 35 रन, गंवाया डेवोन कॉनवे का विकेट

सात ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 35 रन है। रचिन रविंद्र के 18 गेंद में 9 रन हैं। केन विलियमसन के 9 गेंद में 4 रन हैं। दोनों के बीच 11 गेंद में 5 रन की साझेदारी हुई है। न्यूजीलैंड का अभी रन रेट 5 का है। उसे 8.47 के रन रेट की जरुरत है।

18:51 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: भारत को मिली पहली सफलता

रोहित शर्मा ने छठे ओवर के लिए मोहम्मद शमी को गेंद थमाई। शमी भी कप्तान के भरोसे पर खरे उतरे। उन्होंने पहली ही गेंद पर डेवोन कॉनवे को विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराया। कॉनवे 15 गेंद में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कॉनवे की जगह केन विलियमसन बल्लेबाजी के लिए आए। शमी की यह गेंद पांचवें स्‍टम्प पर फुलर थी। कॉनवे ने कवर ड्राइव करने की सोची। गेंद ने बल्‍ले का बाहरी किनारा लिया और विकेट के पीछे केएल राहुल ने हवा में डाइव लगाते हुए कमाल का कैच लिया।

18:47 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 5 ओवर में बनाए 30 रन

पांच ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर बिना विकेट खोए 30 रन है। रचिन रविंद्र के 16 गेंद में 8 रन हैं। डेवोन कॉनवे के 14 गेंद में 13 रन हैं। जसप्रीत बुमराह ने अपने तीसरे ओवर में 7 रन दिए। सिराज ने दो ओवर में अब तक 8 रन दिए हैं।

18:36 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने 3 ओवर में बनाए 19 रन

तीन ओवर का खेल हो चुका है। न्यूजीलैंड का स्कोर बिना विकेट खोए 19 रन है। रचिन रविंद्र के 6 गेंद में 4 रन हैं। डेवोन कॉनवे के 12 गेंद में 12 रन हैं। जसप्रीत बुमराह 2 ओवर में 15 रन दे चुके हैं। मोहम्मद सिराज ने एक ओवर में 4 रन दिए हैं।

18:25 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: डेवोन कॉनवे ने पहले ओवर में जड़े 2 चौके

न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र ने पारी की शुरुआत की। कॉनवे ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपना और न्यूजीलैंड का खाता खोला। कॉनवे ने तीसरी गेंद पर भी चौका लगाया। पहले ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना विकेट खोए 8 रन है।

17:56 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: भारत ने न्यूजीलैंड को 398 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने न्यूजीलैंड को 398 रन का लक्ष्य दिया। भारत ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 397 रन का स्कोर किया। शुभमन गिल 66 गेंद में 80 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। केएल राहुल ने 20 गेंद में नाबाद 39 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। इससे पहले 49वें ओवर की 5वीं गेंद पर श्रेयस अय्यर का विकेट गंवाया। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव आए, लेकिन वह 50वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन लौट गए। वह सिर्फ एक रन ही बना पाए।

17:41 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: श्रेयस अय्यर ने 67 गेंद में पूरा किया शतक

श्रेयस अय्यर ने विश्व कप में अपना लगातार दूसरा शतक पूरा किया। टिम साउदी 48वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने पहली गेंद पर छक्का लगाया था। श्रेयस अय्यर ने 67 गेंद में अपना शतक पूरा किया। श्रेयस अय्यर इसके साथ ही रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ के क्लब में शामिल हो गए। विश्व कप में रोहित और द्रविड़ ही लगातार मुकाबलों में शतक लगा पाए हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 366 रन है। केएल राहुल के 13 गेंद में 14 रन हैं। श्रेयस अय्यर के 68 गेंद में 101 रन हैं।

17:25 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: कोहली 117 रन बनाकर पवेलियन लौटे

44वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को दूसरा झटका लगा। विराट कोहली 113 गेंद में 117 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 2 छक्के लगाए। टिम साउदी की यह गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर फुल लेंथ थी। कोहली उसे खींचकर लेग साइड में मारना चाहते थे, लेकिन गेंद डीप स्क्वायर लेग पर डेवोन कॉनवे ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की।

17:20 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score:विराट कोहली ने पूरा किया शतक

विराट कोहली ने 42वें ओवर की चौथी गेंद पर दो रन लेकर अपना 50वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया और सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा 49 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

16:58 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: कोहली को क्रैम्प, लेकिन नहीं छोड़ा मैदान

38वें ओवर के अंत में ट्रेंट बोल्ट के बाउंसर को खींच कर मारने के लिए विराट कोहली ने अपना वजन पिछले पैर पर डाला, लेकिन इसके बाद उन्हें अपनी दाहिनी जांघ के ऊपरी हिस्से को पकड़ते हुए देखा गया। इसके बाद तुरंत फिजियो आए, लेकिन वह मैदान छोड़कर नहीं गए। कोहली के बल्ले से 92 रन निकल चुके हैं। वह एकदिवसीय क्रिकेट में 50 शतक लगाने के रिकॉर्ड से कुछ ही कदम दूर हैं। आंकड़े गवाह हैं कि एकदिवसीय मैच के आखिरी 10 ओवरों में कोहली बहुत क्रूर होते हैं।

16:49 (IST) 15 Nov 2023
IND vs NZ Live Score: श्रेयस अय्यर ने लगाया गया लगातार चौथा 50+ स्कोर

37 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 270 रन है। विराट कोहली के 91 गेंद में 89 रन हैं। श्रेयस अय्यर के 37 गेंद में 51 रन हैं। श्रेयस अय्यर ने 37वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका इस विश्व कप में लगातार चौथा 50+ स्कोर है।

India vs New Zealand Semi Final Live Score: मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में 2023 आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक ब्लॉकबस्टर सेमीफाइनल मुकाबले के लिए मंच तैयार है। भारत और न्यूजीलैंड बराबर की टीम हैं। दोनों का करीबी और रोमांचक मुकाबलों का एक लंबा इतिहास है। लीग चरण में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण मेजबान भारत की उम्मीदें मजबूत होंगी। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम भी इस मैच में काफी आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। उनके पास उतार-चढ़ाव का अनुभव है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वे दुनिया की सबसे कंसिस्टेंट टीमों में से एक बनकर उभरी हैं। उनके पास अनुभव और युवाओं के अच्छे मिश्रण के साथ एक अच्छी तरह से संतुलित टीम है।