भारतीय क्रिकेट टीम दूसरे एकदिवसीय मैच के लिए ओवल बे स्टेडियम पहुंची है। यहां शनिवार (26 जनवरी) को न्यूजीलैंड के साथ मैच होना है। शुक्रवार को स्टेडियम में स्थानीय माओरी समुदाय ने भारतीय टीम और सपोर्ट स्टाफ का परंपरागत ढंग से स्वागत किया। अपने आधिकारिक अकाउंट के जरिए BCCI ने एक तस्वीर ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। भारतीय बोर्ड ने माओरी समुदाय की इस पहल की तारीफ की और पूरी टीम की ओर से उन्हें धन्यवाद दिया।
भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्त्री ने भी माओरी समुदाय का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट से ट्वीट किया, “बे ओवल इलाके के माओरी समुदाय से आशीर्वाद पाकर बहुत अच्छा लगा।” माओरी समुदाय न्यूजीलैंड के पॉलिनेशियन समूह का हिस्सा है। यह समुदाय पूर्व पॉलिनेशिया से आया और 1250 से 1300 ई. के बीच यहां बस गए।

पांच मैचों की सीरीज में भारत ने पहला मैच जीतकर 1-0 से बढ़त ले रखी है। पहले मैच में टीम इंडिया ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मैच में ओपनर शिखर धवन ने फॉर्म में वापसी करते हुए नाबाद 75 रनों की पारी खेली। हार्दिक पंड्या निलंबन हटने के बाद न्यूजीलैंड रवाना हो चुके हैं और तीसरे मैच के लिये उपलब्ध हो सकते हैं। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पिछली घरेलू श्रृंखला 4-0 से जीती थी लेकिन इस श्रृंखला में उसने अपने खेल में सुधार नहीं किया तो नतीजा उल्टा हो सकता है।
ये हैं दोनों देशों की टीमें:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, विजय शंकर, शुभमान गिल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, खलील अहमद, रवींद्र जडेजा , हार्दिक पंड्या।
न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), रॉस टेलर, टाम लाथम, मार्टिन गुप्टिल, कोलिन डे ग्रांडहोम, ट्रेंट बोल्ट, हेनरी निकोल्स, डग ब्रासवेल, लोकी फग्युर्सन, मैट हेनरी, कोलिन मुनरो, ईश सोढी, मिशेल सेंटनेर, टिम साउदी।

