आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा गोल्डन डक का शिकार हुए। अपने टी20 करियर का छठा ही मैच खेल रहे तिलक वर्मा तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे, लेकिन पहली ही गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। तिलक वर्मा ने 3 अगस्त को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।

चार भारतीय आयरलैंड के खिलाफ 0 पर हुए आउट

आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में तिलक वर्मा शून्य पर आउट होने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बने। तिलक वर्मा से पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली 2018 में आयरलैंड दौरे पर 0 पर आउट हुए थे, जबकि सूर्यकुमार यादव 2022 में आयरलैंड के खिलाफ गोल्डन डक का शिकार हुए थे।

सूर्यकुमार यादव हुए थे गोल्डन डक का शिकार

विराट कोहली 2018 के दौरे पर पहले टी20 में 2 गेंद खेलने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। उनका विकेट पीटर चेज ने लिया था। वहीं रोहित शर्मा उसी दौरे पर दूसरे टी20 में 2 गेंद खेलने के बाद शून्य पर आउट हो गए थे। रोहित का विकेट केविन ओ ब्रायन ने लिया था। भारत इस दौरे पर टी20 सीरीज 2-0 से जीता था। वहीं सूर्यकुमार यादव 2022 में पहले टी20 मैच में गोल्डन डक का शिकार हुए थे।

टी20 में सबसे ज्यादा बार गोल्डन डक का शिकार होने वाले भारतीय

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में गोल्डन डक का शिकार होने वाले तिलक वर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से चौथे सबसे ज्यादा बार गोल्डन डक का शिकार होने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। तिलक के अलावा शिखर धवन, हरभजन सिंह, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, पृथ्वी शॉ, शार्दुल ठाकुर, दीपक हुड्ड, रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, अक्षर पटेल टी-20 में 1-1 बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं।

इस सूची में रोहित शर्मा सबसे उपर हैं। वह 4 बार आउट हुए हैं। श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर 3-3 बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, कुलदीप यादव, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत 2-2 बार गोल्डन डक का शिकार हो चुके हैं।