आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना शानदार फॉर्म में चल रही है। उन्होंने 2 मैच में 57 के औसत और 137.35 के स्ट्राइक रेट से 114 रन बनाए हैं। मंधाना इतिहास रचने से एक शतक दूर हैं। भारतीय टीम 3 मैचों की सीरीज 2-0 से जीत चुकी है। अगर मंधाना तीसरे मैच में शतक जड़ती हैं तो वह वनडे में 10 शतक लगाने वालीं भारत की पहली महिला क्रिकेटर बन जाएंगी।

IND vs IRE: वनडे में 400 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली एशियाई महिला टीम बना भारत, प्रतीका रावल ने भी रचा इतिहास

स्मृति मंधाना ने 96 मैच 96 पारियों में 45.26 के औसत और 86.25 के स्ट्राइक रेट से 4074 रन बनाए हैं। उन्होंने 9 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं। वह पूर्व कप्तान मिताली राज के बाद भारत के लिए वनडे में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली क्रिकेटर हैं। मिताली ने 232 वनडे की 211 पारी में 50.68 के औसत और 66.19 के स्ट्राइक रेट से 7805 रन बनाए हैं। उन्होंने 7 शतक और 64 अर्धशतक लगाए हैं।

10 शतक लगाने वालीं महिला क्रिकेटर

अगर मंधाना शतकीय पारी खेल देती हैं तो वह वनडे में 10 शतक लगाने वालीं दुनिया की चौथी क्रिकेटर बन जाएंगी। ऑस्ट्रेलिया की मेग लेनिंग के नाम सबसे ज्यादा 15 शतक हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ने 13 शतक लगाए हैं। इंग्लैंड की टेमी ब्यूमोंट ने 10 लगाए हैं। मंधाना के अलावा इंग्लैंड की नट स्क्रीवर ब्रंट, श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू, इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स के 9-9 शतक हैं।

मिताली राज दूसरे नंबर पर

भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पूर्व कप्तान मिताली राज दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 7 शतक लगाए हैं। आयरलैंड सीरीज के दौरान आराम कर रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर के 6 शतक हैं। पूनम राउत के 3 शतक हैं। थिरुश कामिनी और जया शर्मा के 2-2 शतक हैं। रेश्मा गांधी, हरलीने देओल, अरुंधति किरकिरे, करुणा जैन, जेमिमा रोड्रिग्स और अंजुम चोपड़ा के 1-1 शतक हैं।