अंडर-19 वर्ल्ड कप (Under-19 World Cup 2022) के खिताबी मुकाबले में शनिवार को भारतीय टीम के सामने इंग्लैंड की चुनौती होगी। टीम इंडिया 8वीं बार फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी। साथ ही भारत की नजरें 5वीं बार विश्व चैंपियन बनने पर भी होंगी। इससे पहले चार बार भारतीय टीम अंडर-19 चैंपियन बन चुकी है। वहीं इंग्लैंड भी 24 साल बाद फाइनल में पहुंची है।
भारत इससे पहले साल 2000, 2008, 2012 और 2018 में चैंपियन बना था। वहीं 2006, 2016 और 2020 में भी टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी। अब उम्मीद है कि 2022 संस्करण में भारतीय टीम यश ढुल की अगुआई में 5वीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल करेगी। आइए एक-एक करके नजर डालते हैं उन सभी कप्तानों पर जिन्होंने अभी तक भारत को चार बार अंडर-19 चैंपियन बनाया है।
मोहम्मद कैफ (2000 अंडर-19 वर्ल्ड कप)
1988 से शुरू हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप की प्रतिस्पर्धा में पहली बार भारत साल 2000 में चैंपियन बना था। इस साल भारतीय टीम की कमान थी मोहम्मद कैफ के हाथों में। उनका साथ देने के लिए टीम में मौजूद थे युवराज सिंह जिन्हें आज दुनियाभर में सिक्सर किंग के नाम से जाना जाता है। श्रीलंका में खेले गए इस टूर्नामेंट में भारत ने फाइनल में मेजबानों को 6 विकेट से हराकर खिताब जीता था।
विराट कोहली (2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप)
युवा विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय अंडर-19 टीम 2008 में दूसरी बार विश्व चैंपियन बनी थी। मलेशिया में खेले गए इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 12 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस टूर्नामेंट में विराट कोहली के अलावा कई ऐसे खिलाड़ी शामिल थे जो आज दुनिया में वर्ल्ड क्रिकेट पर राज कर रहे हैं।
कोहली के साथ इस टीम में मौजूद थे रवींद्र जडेजा जो आज दुनिया के और आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार ऑलराउंडर हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन, तेज गेंदबाज टिम साउदी आदि कई खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में शामिल थे। विराट कोहली ने 2022 फाइनल खेलने वाली भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
उन्मुक्त चंद (2012 अंडर-19 वर्ल्ड कप)
उन्मुक्त चंद ने अपनी कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम को साल 2012 में तीसरी बार चैंपियन बनाया था। फाइनल मुकाबले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा था और भारत को विश्व चैंपियन बनाया था। खिताबी मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया था और उनमुक्त चंद ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 111 रन बनाए थे।
पृथ्वी शॉ (2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप)
भारतीय अंडर-19 टीम को पृथ्वी शॉ ने अपनी कप्तानी और राहुल द्रविड़ ने अपनी कोचिंग में चौथी बार 2018 में चैंपियन बनाया था। न्यूजीलैंड में खेले गए इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया था। इसके बाद पृथ्वी शॉ को भारतीय टीम में भी एंट्री मिल गई थी। आईपीएल में भी उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खूब धमाल मचाया था। इस टीम में शुभमन गिल जैसे स्टार खिलाड़ी भी शामिल थे। गिल ने 2022 की फाइनलिस्ट टीम को भी बधाई दी है।
भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली और ओपनर शुभमन गिल के अलावा केएल राहुल ने भी अंडर-19 टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में भारतीय अंडर-19 टीम की नजरें यश ढुल की अगुआई में 5वां खिताब जीतने पर होंगी। इससे पहले दिल्ली के दो खिलाड़ी विराट कोहली और उन्मुक्त चंद भारत को खिताब दिला चुके हैं। अब देखना होगा कि क्या यश ढुल इस लिस्ट में शामिल होकर दिल्ली के तीसरे ऐसे खिलाड़ी बन पाएंगे या नहीं।