भारतीय टीम ने धर्मशाला टेस्ट में इंग्लैंड की हालत खराब कर दी है। पहली पारी के बाद भारत को 259 रनों की लीड हासिल हुई। वहीं भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों के नाक में दम कर रखा है। भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में कमाल करते दिखाई दिए। ऐसा इसलिए क्योंकि रोहित शर्मा तीसरे दिन मैदान पर नहीं उतरे।
रोहित ने नहीं की फील्डिंग
तीसरे दिन भारत ने पहले आधे घंटे में ही अपने आखिरी दोनों विकेट खो दिए। इसके बाद भारतीय टीम फील्डिंग करने उतरी। कप्तान रोहित शर्मा नजर नहीं आए। कुछ देर बाद बीसीसीआई ने ट्वीट करके जानकारी दी कि तीसरे दिन रोहित शर्मा मैदान पर फील्डिंग करने नहीं उतरेंगे। रोहित को कमर में परेशानी महसूस हो रही थी। उनकी जगह उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह ने जिम्मेदारी निभाई और भारतीय गेंदबाजों को गाइड करते भी दिखाई दिए।
रोहित शर्मा ने खेली शतकीय पारी
रोहित शर्मा ने मैच के दूसरे दिन शतक जमाया था। यह उनका इस सीरीज में दूसरा शतक है। उन्होंने पहले यशस्वी जायसवाल के साथ 104 रन की साझेदारी की। वहीं इसके बाद शुभमन गिल के साथ 171 रन की साझेदारी की जिससे भारतीय टीम का स्कोर 477 तक पहुंचा। रोहित ने अपनी पारी में तीन छक्के और 13 चौके लगाए। रोहित के अलावा शुभमन गिल ने 110, देवदत्त पडिकक्ल ने 65, यशस्वी जायसवाल ने 57 और सरफराज खान ने 56 रनों की पारी खेली।
रोहित शर्मा ने दिलाई भारत को अजेय बढ़त
रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। अब उसके पास अब इतिहास रचने का मौका है। भारत 2012 के बाद से अपने घर पर एक भी टेस्ट सीरीज नहीं हारा है। पिछली बार भारत को इंग्लैंड ने ही घर पर टेस्ट सीरीज में मात दी है।