भारत-इंग्लैंड के बीच रांची में शुक्रवार, 23 फरवरी से खेले जा रहे चौथे टेस्ट में एक और भारतीय खिलाड़ी का डेब्यू हुआ। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के लिए यह चौथा डेब्यू था। घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करने वाले आकाशदीप को भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़ से टेस्ट कैप मिला। उनसे पहले इस सीरीज में रजत पाटीदार, सरफराज खान और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल डेब्यू कर चुके हैं। इंग्लैंड की बात करें तो उसे बड़ा झटका लगा है। रेहान अहमद अचानक घर लौट गए हैं।

IND vs ENG 4th Test Live Score: Watch Here

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम बगैर विराट कोहली के खेल रही है। केएल राहुल पहले टेस्ट के बाद चोटिल हो गए थे। वह दूसरे और तीसरे टेस्ट के बाद चौथे टेस्ट में भी नहीं खेले। उनकी जगह रजत पाटीदार को मौका मिला। खराब फॉर्म से गुजर रहे श्रेयस अय्यर को आखिरी 3 टेस्ट के लिए नहीं चुने गए। तीसरे टेस्ट में सरफराज खान को डेब्यू मौका मिला। सरफराज ने दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ा। तीसरे टेस्ट में विकेटकीपर केएस भरत की जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिला।

24 साल बाद एक सीरीज में चार भारतीय खिलाड़ियों ने किया डेब्यू

चौथे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह की जगह आकाशदीप को मौका मिला। बुमराह ने पहले 3 टेस्ट में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्हें रांची टेस्ट से वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया। इसके बाद मुकेश कुमार के बजाय आकाशदीप को चुना गया है। इस तरह से 4 मैच में 4 खिलाड़ी डेब्यू कर चुके हैं। दूसरी बार भारत के लिए घरेलू सीरीज में 4 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया है। 24 साल पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में 4 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया था। साल 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में मुरली कार्तिक, वसीम जाफर, मोहम्मद कैफ और निखिल चोपड़ा ने डेब्यू किया था।

रेहान अहमद लौटे घर

रांची टेस्ट शुरू होने के कुछ देर पहले इंग्लैंड क्रिकेट ने जानकारी दी कि रेहान अहमद निजी कारणों से घर लौटेंगे। आखिरी टेस्ट के लिए वह भारत नहीं आएंगे और उनका रिप्लेसमेंट में भी कोई नहीं होगा। इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट के लिए प्लेइंग 11 में 2 बदलाव किए हैं। रेहान और मार्क वुड की जगह ओली रॉबिन्सन और शोएब बशीर को मौका मिला।