राजकोट टेस्ट मैच में भारत की बल्लेबाजी अपने चरम पर दिखी और दोनों पारियों में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए। पहली पारी में जहां कप्तान रोहित शर्मा ने 131 रन और रवींद्र जडेजा ने 112 रन की शतकीय पारी खेली तो वहीं दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक लगाते हुए 214 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस टेस्ट की पहली और दूसरी पारी को मिलाकर कुल 28 छक्के भारत की तरफ से लगाए गए जिसमें यशस्वी जायसवाल ने ही सिर्फ 12 छक्के जड़ दिए। भारत की तरफ से 28 छक्के लगने के बाद टेस्ट के कई रिकॉर्ड टीम इंडिया ने छ्क्के के मामले में अपने नाम कर लिए। भारत की तरफ से इस टेस्ट की पहली पारी में 10 छक्के तो वहीं दूसरी पारी में 18 छक्के लगे।
भारत की तरफ से एक पारी में लगे सर्वाधिक छक्के
टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में टीम इंडिया की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 18 छक्के लगे। इससे पहले भारत की तरफ से साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में कुल 15 छक्के लगे थे।
भारत की ओर से एक पारी में सर्वाधिक छक्के
18 बनाम इंग्लैंड- राजकोट, 2024
15 बनाम श्रीलंका- मुंबई, 2009
14 बनाम श्रीलंका- विजाग, 2019 (दूसरी पारी)
13 बनाम श्रीलंका- विजाग, 2019 (पहली पारी)
13 बनाम साउथ अफ्रीका- रांची, 2019
एक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के
भारत की तरफ से राजकोट टेस्ट में कुल 28 छक्के लगे और यह टीम इंडिया के द्वारा किसी भी टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले भारत ने साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ विजाग में 27 छक्के लगाए थे।
भारत की ओर से एक टेस्ट में सर्वाधिक छक्के
28 बनाम इंग्लैंड- राजकोट, 2024
27 बनाम साउथ अफ्रीका- विजाग, 2019
18 बनाम न्यूजीलैंड- मुंबई, 2021
15 बनाम श्रीलंका- मुंबई, 2009
एक टेस्ट सीरीज में भारत की तरफ से सर्वाधिक छक्के
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले तीन मैचों में 48 छक्के लगा दिए हैं और यह टीम इंडिया की तरफ से एक टेस्ट सीरीज में लगाया गया सबसे ज्यादा छक्का रहा। हालांकि अभी दो मैच बचे हैं और इसकी संख्या बढ़ सकती है। इससे पहले टीम इंडिया की तरफ से साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 47 छक्के लगे थे।
एक टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के
48 बनाम इंग्लैंड, 2024 भारत में (5 टेस्ट)
47 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2019 (3 टेस्ट)
32 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2023 भारत में (4 टेस्ट)
31 बनाम इंग्लैंड, 2016 भारत में (5 टेस्ट)