टीम इंडिया के 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने रांची टेस्ट मैच की पहली पारी में 73 रन बनाए और आउट हो गए। अपनी इस पारी के दौरान यशस्वी ने एक छक्का और 8 बेहतरीन चौके लगाए। इस एक छक्के के दम पर यशस्वी जायसवाल भारत की तरफ से टेस्ट प्रारूप में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा सिक्सर लगाने वाले बल्लेबाज बन गए और वीरेंद्र सहवाग द्वारा बनाया गया 816 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यशस्वी ने रांची में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अपना दूसरा अर्धशतक भी लगाया।

यशस्वी जायसवाल ने तोड़ा सहवाग का 16 साल पुराना रिकॉर्ड

पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने शोएब बशीर की गेंद पर लांग-ऑन पर शानदार छक्का लगाया और वीरेंद्र सहवाग के 16 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहे। यशस्वी जायसवाल साल 2024 में 14 टेस्ट मैचों में अब तक 23 छक्के (खबर लिखे जाने तक) लगा चुके हैं और अब वह भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा सिक्स जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए। यशस्वी से पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम पर दर्ज था, लेकिन सहवाग अब दूसरे नंबर पर चले गए।

वीरेंद्र सहवाग ने साल 2008 में भारत की तरफ से टेस्ट में एक साल में कुल 22 छक्के लगाए थे, लेकिन अब यशस्वी 23 छक्कों के साथ उन्हें पीछे छोड़ने में कामयाब रहे। भारत की तरफ से एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऋषभ पंत हैं जिन्होंने साल 2022 में कुल 21 छक्के लगाए थे जबकि साल 2019 में रोहित शर्मा ने 20 छक्के लगाए थे और वह चौथे क्रम पर हैं। इस लिस्ट में पांचवां नाम मयंक अग्रवाल का है जिन्होंने 2019 में टेस्ट में कुल 18 छक्के ठोके थे।

एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टेस्ट छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज

यशस्वी जयसवाल: 2024 में 23 छक्के (खबर लिखे जाने तक)
वीरेंद्र सहवाग: 2008 में 22 छक्के
ऋषभ पंत: 2022 में 21 छक्के
रोहित शर्मा: 2019 में 20 छक्के
मयंक अग्रवाल: 2019 में 18 छक्के