इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट के चौथे दिन भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने 17वां अर्धशतक लगाकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल। उनके साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल ने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली की बराबरी कर ली। यशस्वी जायसवाल 37 और रोहित शर्मा 55 रन बनाकर आउट हुए। दोनों ने भारत को 192 रन के टारगेट के जवाब में ठोस शुरुआत दी। दोनों के बीच 84 रन की साझेदारी हुई। इस पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। वहीं रोहित शर्मा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 हजार रन पूरे किए।
IND vs ENG 4th Test Live Score: Watch Here
रांची टेस्ट की दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आने से पहले पांच मैचों की इस सीरीज में यशस्वी जयसवाल के नाम 618 रन थे। उन्हें विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए 37 रन की जरूरत थी। वह 37 रन बनाकर आउट हो गए। भारत के पूर्व कप्तान ने यह रिकॉर्ड 2016-17 सीरीज के दौरान बनाया था, जब इंग्लैंड ने भारत का दौरा किया था। अब धर्मशाला में जायसवाल एक टेस्ट सीरीज में 700 रन का आंकड़ा हासिल करने वाले सुनील गावस्कर के बाद दूसरे भारतीय बनने का लक्ष्य रखेंगे।
जायसवाल के पास गूच और रूट के रिकॉर्ड को तोड़ने का भी मौका
इसके अलावा जायसवाल के पास ग्राहम गूच और जो रूट के रिकॉर्ड को तोड़ने का भी मौका होगा। दोनों क्रमश: भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पहले और दूसरे स्थान पर हैं। गूच ने 1990 में 752 रन बनाए थे और रूट ने इंग्लैंड में 2021-22 सीरीज के दौरान 737 रन बनाए। फिलहाल जायसवाल ने 655 रन बनाए हैं। सुनील गावस्कर के एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 774 रन हैं।
रोहित शर्मा के टेस्ट में 4000 रन पूरे
रोहित शर्मा ने अपना 17वां टेस्ट अर्धशतक बनाया और प्रथम श्रेणी करियर में 9000 रन का आंकड़ा पार किया। रोहित ने रांची में 81 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाकर 55 रन बनाए। इससे पहले अपनी पारी में रोहित ने टेस्ट में 4000 रन का आंकड़ा भी पार किया। वह उपलब्धि हासिल करने वाले वह 17वें भारतीय बन गए। इस दौरान भारतीय कप्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन भी पूरे किए।