रांची टेस्ट के दूसरे दिन का दूसरा सेशन इंग्लैंड ने अपने नाम किया है। लंच से पहले रोहित शर्मा के रूप में एक विकेट गंवा चुकी टीम इंडिया ने दूसरे सेशन में शुभमन गिल (38), रजत पाटीदार (17) और रविंद्र जडेजा (12) का भी विकेट खो दिया। यह तीनों सफलता इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर के खाते में गई हैं। रोहित शर्मा का विकेट जेम्स एंडरसन ने चटकाया था। टी ब्रेक तक भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 131 रन है और इंग्लैंड की पहली पारी की तुलना में भारतीय टीम अब भी 222 रन पीछे है।

भारत को 4 के स्कोर पर लगा था पहला झटका

टीम इंडिया लंच के बाद 34/1 से आगे खेलने आई थी। लंच से पहले भारत को रोहित शर्मा (02) के रूप में पहला झटका 4 के स्कोर पर ही लग गया था। रोहित का विकेट जल्दी गिर जाने के बाद शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल के बीच दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी हुई। 86 पर भारत ने गिल के रूप में दूसरा विकेट गंवाया था। शुभमन गिल 65 गेंद में 38 रन की पारी खेलकर आउट हुए। गिल के बाद रजत पाटीदार 42 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं जडेजा 12 रन की पारी खेल पवेलियन लौट गए।

इंग्लैंड ने पहली पारी में बनाए 353 रन

इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 353 पर समाप्त हुई थी। जो रूट की नाबाद 122 रन की पारी और ओली रॉबिन्सन (58) के साथ उनकी आठवें विकेट के लिए उनकी शतकीय साझेदारी की मदद से इंग्लैंड 353 तक पहुंच सका। इंग्लैंड ने सुबह अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 302 रन से आगे बढ़ाई थी। रविंद्र जडेजा (67 रन देकर चार विकेट) ने पहले सत्र में बाकी बचे तीन विकेट लेकर भारत को वापसी दिलाई।

रॉबिन्सन करियर का पहला अर्धशतक जमाने के बाद आउट हुए। उन्हें जडेजा ने भी पवेलियन भेजने का काम किया। उन्होंने रूट के साथ आठवें विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। इससे इंग्लैंड पहले दिन लंच तक 112 रन पर 5 विकेट गंवाने के बावजूद चुनौती पूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। इंग्लैंड ने इसके बाद 241 रन जोड़े।