भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट में जीत से महज 74 रन दूर है। 192 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम ने मैच के चौथे दिन पहले सेशन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट खोकर 118 रन बना लिए हैं। पहले सेशन के अंत में शुभमन गिल 18 और रविंद्र जडेजा 3 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत ने पहले सेशन में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और रजत पाटीदार का विकेट खोया। इंग्लैंड की ओर से शोएब बशीर, टॉम हार्टले और जो रूट ने 1-1 विकेट लिए थे।
जायसवाल बने जो रूट का शिकार
भारत ने सोमवार को मैच के चौथे दिन 40 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। दिन के सातवें ओवर में ही यशस्वी जायसवाल के खिलाफ इंग्लैंड ने एलबीडब्ल्यू का रिव्यू लिया। हालांकि जायसवाल आउट नहीं थे। इसके तीन ओवर बाद ही जायसवाल जो रूट का शिकार बने। रूट की गेंद पर जायसवाल ने बड़ा शॉर्ट खेला, बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े जेम्स एंडरसन ने डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। जायसवाल 37 रन बनाकर लौटे और इंग्लैंड को 84 रन बाद विकेट हासिल हुआ।
रोहित शर्मा ने जमाया अर्धशतक
दो ओवर बाद भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित और शुभमन गिल ने इसके बाद धीमी बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के स्पिनर टॉम हार्टले ने रोहित शर्मा को 55 रन के निजी स्कोर पर आउट करके अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। रोहित गेंद को ब्लॉक करना चाहते थे लेकिन गेंद बेन फोक्स के हाथों गई। रजत पाटीदार कुछ खास नहीं कर पाए। छह गेंदों में वह खाता भी नहीं खोल सके और पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले शोएब बशीर का शिकार बने।