राजकोट टेस्ट में डेब्यू करने उतरे सरफारज खान ने 48 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया है। रोहित शर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए सरफराज ने 7 चौके और 1 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। टेस्ट डेब्यू में रोहित की शाबाशी और रविंद्र जडेजा की सलाह के साथ बल्लेबाजी के शुरुआत करने वाले सरफराज ने 1 घंटे के अंदर ही फिफ्टी पूरी कर ली। सरफराज ने असली बैजबॉल खेलते हुए पहली टेस्ट फिफ्टी पूरी की।
डेब्यू में ही सरफराज ने बनाया कीर्तिमान
सरफराज खान ने टेस्ट डेब्यू में ही कीर्तिमान रच दिया है। दरअसल, भारत के लिए टेस्ट में सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ियों में सरफराज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। सरफराज ने शिखर धवन और पृथ्वी शॉ को पीछे छोड़ा है। पृथ्वी ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 56 गेंद में अर्धशतक लगाया था जबकि शिखर धवन ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 गेंद में फिफ्टी पूरी की थी। सरफराज ने 48 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ हार्दिक पंड्या भी बराबरी पर हैं। पंड्या ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 48 गेंद में फिफ्टी लगाई थी।
रोहित और जडेजा के बीच हुई 204 रन की साझेदारी
राजकोट टेस्ट में खराब शुरुआत मिलने के बाद टीम इंडिया अब बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। भारत ने पहले सेशन में 33 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद रोहित शर्मा के शतक और जडेजा के अर्धशतक ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रोहित और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी हुई थी। रोहित शर्मा (131) के विकेट के साथ यह साझेदारी टूटी। खबर लिखे जाने तक जडेजा भी अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर थे।
सरफराज खान का फर्स्ट क्लास करियर
सरफराज ने फर्स्ट क्लास करियर में दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम में जगह बनाई है। उन्होंने अब तक खेले 45 फर्स्ट क्लास मैचों में 69.85 की औसत से 3912 रन बनाए हैं। इस बीच में उनके बल्ले से 14 शतक और 11 अर्धशतक आए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 301 रन रहा है। 2020 के बाद तो सरफराज के बल्ले से रनों की बरसात हुई है। सरफराज ने 2020 के बाद 34 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 84.42 की औसत से 3377 रन बनाए हैं। 13 शतक उन्होंने 2020 के बाद ही लगाए हैं।