भारत के कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने बर्मिंघम टेस्ट के चौथे दिन शनिवार (5 जून) को इंग्लैंड के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 427 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित की। इंग्लैंड को 608 रन का लक्ष्य दिया। पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने के बाद दूसरी पारी में ‘प्रधान जी’ शुभमन गिल ने शतक ठोका। उन्होंने 162 गेंद पर 161 रन बनाए।

ऋषभ पंत, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ने अर्धशतक जड़ा। लेकिन इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेलने का काम’उप-प्रधान जी’ ऋषभ पंत ने काउंटर अटैकिंग पारी खेलकर किया। पंत जब क्रीज पर आए तब भारत का स्कोर 29.1 ओवर में 3 विकेट पर 126 रन था। बाएं हाथ का विकेटकीपर बल्लेबाज 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुआ। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 236 रन हो गया। यानी 105 गेंद पर 110 रन की साझेदारी हुई।

इंग्लैंड को दुर्गम लक्ष्य मिला

पंत ने 58 गेंद पर 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 65 रन बनाए। राहुल ने 55 रन बनाए। जडेजा ने 69 रन बनाए। चौथी पारी में कोई भी लक्ष्य हासिल करने का दंभ भरने वाली इंग्लैंड को दुर्गम लक्ष्य मिला है। केवल 4 बार 400 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल हुआ है। 1 बार भी 418 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल नहीं हुआ है।

सर्वश्रेष्ठ रन-चेज का रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ रन चेज की बात करें तो वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मई 2003 में 418 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इंग्लैंड ने टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ रन चेज भारत के खिलाफ ही किया है। उसने 2022 बर्मिंघम में ही ऐसा किया था। लेकिन तब लक्ष्य 378 रन का था। पिछले मैच में इंग्लैंड ने लीड्स में 371 रन का लक्ष्य हासिल किया था।