ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाकर वापसी की है। चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में उन्होंने शतक जड़ा। पहली पारी में भी पंत ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। हालांकि, वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए थे। 39 रन बनाकर आउट हो गए थे। दूसरी पारी में उन्होंने शतक जड़ा।
ऋषभ पंत दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद उनका पहला टेस्ट है। 21 महीने बाद टेस्ट खेल रहे पंत ने दूसरी ही पारी में शतक जड़ दिया। यह उनके करियर का छठा शतक है। इसके साथ ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी कर ली। टेस्ट में दोनों के 6-6 शतक है। किसी भारतीय विकेटकीपर ने टेस्ट क्रिकेट में इससे ज्यादा शतक नहीं लगाया है।
पंत ने 128 गेंद पर 4 छक्के और 13 चौके की मदद से 109 रन बनाए
चेन्नई टेस्ट के तीसरे दिन लंच से पहले 82 रन बनाकर क्रीज पर थे। पंत ने 1 छक्का और 2 चौके जड़े। शाकिब की गेंद पर डबल लेकर शतक पूरा किया। शतक के बाद वह हर गेंद पर अटैक कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने 2 चौके जड़े और आउट हो गए। उन्होंने मेहदी हसन मिराज की गेंद को सीधे उनके हाथों में मार दिया। पंत 128 गेंद पर 4 छक्के और 13 चौके की मदद से 109 रन बनाकर आउट हुए।
ऋषभ पंत और शुभमन गिल के बीच 167 रन की साझेदारी
भारत का तीसरा विकेट 67 रन पर गिरा था। ऋषभ पंत और शुभमन गिल के बीच 167 रन की साझेदारी हुई। पंत जब आउट हुए भारत का स्कोर 4 विकेट पर 234 रन हो गया था। बढ़त 461 रन की हो गई थी। शुभमन गिल 88 रन बनाकर क्रीज पर थे। नए बल्लेबाज केएल राहुल थे। भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम 149 रन पर आउट हो गई थी।
