India Vs Bangladesh, 1st Test Match: भारत ने पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश (Bangladesh) को जीत के लिए 513 रन का लक्ष्य दिया। भारत ने अपनी दूसरी पारी 2 विकेट पर 258 रन बनाकर घोषित की। भारत ने पहली पारी में 404 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पहली पारी में 150 रन पर समेट दिया था। इस हिसाब से भारत के पास 254 रन की बढ़त थी। इसके बावजूद भारत ने बांग्लादेश को फॉलोऑन नहीं दिया और दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरा।
भारतीय क्रिकेट टीम के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) ऐसा फैसला क्यों लिया, वह भी तब जब उन्होंने मैच शुरू होने से पहले ऐलान किया था कि वह ‘BAZBALL’ जैसी आक्रामक रणनीति पर चलेंगे। दरअसल, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम (Brendon McCullum) की ‘BAZBALL रणनीति’ की काफी तारीफ हो रही है।
ब्रेंडन मैकुलम (Brendon McCullum) के मुख्य कोच (Head Coach) बनने के बाद से इंग्लैंड ने अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से इंग्लैंड ने 8 में जीत हासिल की है और सिर्फ एक मैच गंवाया है। मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में इंग्लैंड (England) के कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने दूसरी पारी में 354 रन की लीड लेने के बाद ही पारी घोषित कर दी थी। वहीं, बांग्लादेश जैसी टीम के खिलाफ केएल राहुल (KL Rahul) ने 500 रन की लीड लेने के बाद ही ऐसा फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान ऐसा फैसला मैच को ड्रॉ में बदल सकता है और भारत का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना और जीतने का सपना चकनाचूर हो सकता है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) के फाइनल में पहुंचने की रेस से पाकिस्तान (Pakistan) की टीम बाहर हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया (Australia) का फाइनल में पहुंचना तय लग रहा है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका (South Africa), भारत (India) और श्रीलंका (Sri Lanka) की टीमें भी अभी रेस में शामिल हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) के फाइनल से हले भारतीय क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ 2 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैच खेलने हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम (Team India) अगर एक भी टेस्ट मैच में हारती है तो वह रेस से लगभग बाहर हो जाएगी। यही सोचकर केएल राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस (Press Conference) में कहा था कि वह आक्रामक रणनीति अपनाएंगे। हालांकि, पहले टेस्ट में टीम मैनेजमेंट (Team Management) की ओर से जैसा रवैया अपनाया गया उसे देखकर लगता तो नहीं है कि टीम इंडिया ‘BAZBALL’ की रणनीति पर चलेगी।
World Test Championship Points Table: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल ताजा स्थिति इस प्रकार है (16 दिसंबर 2022 तक)
टीमें | पर्सेंटाइल (PCT %) | पॉइंट्स |
ऑस्ट्रेलिया | 75 | 108 |
साउथ अफ्रीका | 60 | 72 |
श्रीलंका | 53.33 | 64 |
भारत | 52.08 | 75 |
इंग्लैंड | 44.44 | 112 |
पाकिस्तान | 42.42 | 56 |
वेस्टइंडीज | 40.91 | 54 |
न्यूजीलैंड | 25.93 | 28 |
बांग्लादेश | 13.33 | 16 |