भारतीय टीम ने बांग्लादेश को कानपुर टेस्ट में सात विकेट से मात देकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया। भारतीय टीम ने चेन्नई टेस्ट में 280 रन से जीत हासिल की थी। भारत की यह लगातार छठी टेस्ट जीत है। वहीं यह लगातार चौथा मौका है जब भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ क्लीन स्वीप किया है।

भारत को मिला था 95 रन का लक्ष्य

कानपुर टेस्ट में बारिश का खलल देखने को मिला जिसके कारण पूरे पांच दिन का खेल नहीं हो सका। इसके बावजूद भारत ने लगभग दो दिन के खेल में मैच अपने नाम किया। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारत के लिए यह जीत काफी अहम थी। बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाए। इसके बाद टीम इंडिया ने 285/5 के स्कोर पर पारी घोषित की। बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में केवल 146 रन ही बना सकी जिसके कारण भारत को 95 का लक्ष्य मिला था।

यशस्वी जायसवाल ने जमाया अर्धशतक

भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। रोहित शर्मा केवल 8 रन बनाकर मेहदी हसन की गेंद पर हसन महमूद को कैच दे बैठे। इसके बाद शुभमन गिल भी मेहदी हसन की गेंद पर एलबीडब्ल्य हुए। यहां से विराट कोहली और दूसरे छोर से यशस्वी जायसवाल ने पारी को संभाला। जायसवाल ने इस दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया। वह जब आउट हुए तब टीम जीत से केवल तीन रन दूर थी।

भारत में निकला बांग्लादेश का दम

इसके बाद विराट कोहली और पंत ने टीम को जीत तक पहुंचाया। पंत के बल्ले से ही विजयी चौका निकला। भारत ने 17.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान को उसी के घर पर 2-0 से हराने वाली बांग्लादेशी टीम को भारतीय जमीन 0-2 से मात मिली। इस जीत के साथ भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के टॉप पर बनी हुई है।

जीत के बड़े रिकॉर्ड

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चौथी बार क्लीन स्वीप किया है। साल 2017 में भारत ने 1-0 से जीत हासिल की थी। इसके बाद 2019 में भी 2-0 से टेस्ट सीरीज जीती। भारत ने 2022 में बांग्लादेश का दौरा किया और 2-0 से जीत हासिल की। अब बांग्लादेश को भारत के खिलाफ एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा।

भारत को टेस्ट फॉर्मेट में पिछली हार 25 जनवरी 2024 को मिली थी। इंग्लैंड ने हैदराबाद में भारत को 28 रन से हराया था। इसके बाद से भारत ने छह टेस्ट मैच खेले और सभी में जीत हासिल की। इसमें चार टेस्ट इंग्लैंड के दो टेस्ट बांग्लादेश के खिलाफ थे।