चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शनिवार (21 सितंबर) को शुभमन गिल ने शतक जड़कर भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यशस्वी जायसवाल के टीम में आने के बाद नंबर 3 पर खेल रहे गिल ने का इस पोजिशन पर शानदार प्रदर्शन जारी है। पहली पारी में बगैर खाता खोले आउट होने वाले इस बल्लेबाज ने दूसरी पारी में शतक जड़ दिया। गिल का दूसरी पारी में शानदार रिकॉर्ड है।

शुभमन गिल ने दूसरी पारी में लगातार चौथी बार 50 से ज्यादा रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 104 रन की पारी खेली थी। राजकोट में दूसरी पारी में उन्होंने 91 रन की पारी खेली थी। रांची में दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए थे। गिल ने पिछली 8 टेस्ट पारियों में 3 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। 2024 में वह अबतक 3 शतक जड़ चुके हैं।

गिल ने पंत के साथ 167 रन की साझेदारी की

शुभमन गिल ने चेन्नई टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में 161 गेंद पर 9 चौके और 3 छक्के की मदद से शतक जड़ा। भारत ने 4 विकेट पर 256 रन बना लिए हैं। बढ़त 483 रन की हो गई है। गिल ने ऋषभ पंत 109 रन के साथ 167 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने चेन्नई टेस्ट के तीसरे दिन बांग्लादेश के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया।

बांग्लादेश के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए

चेन्नई टेस्ट के दूसरे दिन 17 विकेट गिरे थे। तीसरे दिन पहले सत्र में बांग्लादेश के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए। गिल और पंत ने शानदार बल्लेबाजी की। 28 ओवर में 124 रन बने। लंच ब्रेक तक शुभमन गिल 137 गेंद पर 86 और ऋषभ पंत 108 गेंद पर 82 रन बनाकर क्रीज पर थे। लंच ब्रेक के बाद पंत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और शतक लगाकर आउट हो गए।