बैटिंग हो, कीपिंग हो या फिर स्टंप माइक टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत ने पुराने अंदाज में वापसी की है। चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की भारत की दूसरी पारी में शनिवार (21 सितंबर) को उन्होंने छठा टेस्ट शतक जड़ा। इसके साथ ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट में 6 शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों बतौर विकेटकीपर भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
चेन्नई टेस्ट के पांचवें दिन ऋषभ पंत का एक मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पंत को बांग्लादेश की फील्डिंग सेट करते देखा जा सकता है। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज को बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो को फील्ड प्लेसमेंट में मदद करते देखा गया। पंत ने ऑन साइड में फील्डर लगाने को कहा। उन्होंने कहा, “भाई इधर आएगा एक।” मजेदार बात यह है कि शान्तो ने पंत की बात मान भी ली और वहां फील्डर भी लगा दिया। इसे देखकर कमेंटेटर भी हंसी नहीं रोक पाए।
भारत ने बांग्लादेश को 515 रन का टारगेट दिया
भारत ने बांग्लादेश को 515 रन का टारगेट दिया है। भारत ने दूसरी पारी 4 विकेट पर 287 रन बनाकर घोषित की। ऋषभ पंत ने 109 और शुभमन गिल ने नाबाद 119 रन की पारी खेली। दोनों ने 167 रन की साझेदारी की। पंत जब क्रीज पर आए भारत ने 67 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यशस्वी जायसवाल 10, रोहित शर्मा 5 और कोहली 17 रन बनाकर आउट हो गए थे।
सड़क दुर्घटना के बाद पहला टेस्ट
ऋषभ पंत दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद वह पहली बार टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। 21 महीने बाद उन्होंने टेस्ट में वापसी की। पहली पारी में उन्होंने 39 रन बनाए थे। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। दूसरी पारी में उन्होंने शतक ठोक दिया। सड़क दुर्घटना से पहले पंत ने आखिरी टेस्ट बांग्लादेश के खिलाफ ही खेला था।
