आस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) में घुटने टेकने वाली भारतीय टीम पर आगबबूला लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाजी शर्मनाक थी। उन्होंने कहा कि विराट कोहली से सवाल होना चाहिए कि वह खराब शॉट खेलकर क्यों आउट हुए। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा की भी क्लास लगाई। आस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हराकर खिताब आपने नाम किया।

सुनील गावस्कर ने कहा ,‘‘बल्लेबाजी बहुत ही खराब रही। आखिरी दिन तो बिल्कुल शर्मनाक प्रदर्शन था। खासकर शॉट्स का चयन। चेतेश्वर पुजारा ने कल बेहद खराब शॉट खेले और उनसे इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती। शायद कोई उनके दिमाग में घुसकर स्ट्राइक रेट, स्ट्राइक रेट चिल्ला रहा होगा। एक सत्र भी आप नहीं खेल सके। एक सत्र में आठ विकेट।’’

विराट कोहली को लेकर क्या बोले सुनील गावस्कर

विराट कोहली के विकेट के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘यह बहुत ही खराब शॉट था। आफ स्टंप से बाहर जाती गेंद वह तब तक छोड़ रहे थे। शायद उन्हें लगा कि अर्धशतक पूरा करने के लिए एक रन चाहिए, जब आप किसी उपलब्धि के करीब होते हैं तो ऐसा होता है।’’ विराट कोहली चौथे दिन लय में दिख रहे थे। पांचवें दिन भी उन्हें दिक्कत नहीं हो रही थी, लेकिन उन्होंने एक खराब शॉट खेला और पवेलियन लौट गए।

विराट कोहली से शॉट सलेक्शन के बारे में पूछा जाना चाहिए

कोहली के शॉट सलेक्शन की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा,‘‘ यह खराब शॉट था। कोहली से इसके बारे में पूछा जाना चाहिए। वह बोलते रहते हैं कि मैच जीतने के लिए लंबी पारी की जरूरत होती है। आप कैसे लंबी पारी खेलेंगे जब आफ स्टंप से इतनी बाहर जाती गेंद खेलेंगे।’’  गावस्कर ने कहा ,‘‘ जडेजा के साथ भी हुआ। उन्होंने ऐसी गेंद खेली जो उन्हें नहीं खेलनी चाहिए थी। रहाणे के साथ भी ऐसा हुआ। अचानक सभी को ऐसे शॉट खेलने की क्या जरूरत थी क्योंकि उन्हें निजी उपलब्धि के बारे में पता था।’’