साल 2024 की शुरुआत में दिग्गज डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद स्टीव स्मिथ का बैटिंग पोजिशन बदला था। वह उस्मान ख्वाजा के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग कर रहे थे। स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने लगे थे। ग्रीन चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। इस बीच ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने पुष्टि की है कि स्मिथ इस सीरीज में अपनी पुरानी पोजीशन पर खेलते दिखेंगे।
बेली ने सोमवार को जानकारी दी कि टीम के कप्तान पैट कमिंस और कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने 35 वर्षीय खिलाड़ी को उसके पसंदीदा नंबर 4 स्थान पर वापस खिलाने का निर्णय लिया है। बतौर ओपनर अपने दूसरे ही मैच में उन्होंने ब्रिसबेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 91 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उन्हें संघर्ष करना पड़ा और चार पारियों में उन्होंने 51 रन बनाए।
जॉर्ज बेली ने क्या कहा?
बेली ने स्मिथ के नंबर-4 पर खेलने को लेकर कहा, ” पैट,एंड्रयू और स्टीव स्मिथ के बीच कैमरन ग्रीन की असामयिक चोट के अलावा लगातार बातचीत चल रही थी। स्टीव ने उस ओपनिंग पोजीशन से नीचे जाने की इच्छा व्यक्त की थी और पैट और एंड्रयू ने पुष्टि की है कि वह बैटिंग ऑर्डर में नीचे आएंगे।”
बॉर्डर गावस्कर सीरीज 22 नवंबर से 7 जनवरी 2025 के बीच
ध्यान रहे कि बॉर्डर गावस्कर सीरीज 22 नवंबर से 7 जनवरी 2025 के बीच खेली जाएगी। 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर से पर्थ में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट एडिलेड में 6 दिसंबर से खेला जाएगा। ब्रिस्बेन में तीसरा टेस्ट 14 दिसंबर से खेला जाएगा। चौथा टेस्ट मेलबर्न में 26 दिसंबर से खेला जाएगा। पांचवां टेस्ट 3 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज शेड्यूल
दिन | मैच | जगह | समय |
22-26 नवंबर 2024 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | पर्थ | सुबह 7.30 |
6-10 दिसंबर 2024 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड | सुबह 9.30 |
14-18 दिसंबर 2024 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | ब्रिस्बेन | सुबह 5.50 |
26-30 दिसंबर 2024 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न | सुबह 5.00 |
3-7 जनवरी 2025 | भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | सुबह 5.00 |