सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने की कगार पर हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज को रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 159 रन की जरूरत है। सूर्यकुमार यादव ने अब तक 53 टी20 इंटरनेशनल मैच की 50 पारियों में 46.02 के औसत और 172.70 के स्ट्राइक रेट से 1841 रन बनाए हैं। इसमें तीन शतक और 15 अर्द्धशतक शामिल हैं।
सूर्यकुमार यदि अपनी अगली दो पारियों में 159 रन बना लेते हैं तो पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के क्लब में शामिल हो जाएंगे। टी20 इंटरनेशनल में अभी सबसे तेज 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के नाम है।
T20I में बनेंगे सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले भारतीय
सूर्यकुमार अगर अपने अगले पांच मैच में भी 159 रन बनाने हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले भारतीय बन जाएंगे। इस मामले में वह विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। विराट कोहली ने 56वीं पारी में अपने 2000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे।
सूर्यकुमार दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज
सूर्यकुमार यादव वर्तमान में टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं। मध्यक्रम के बल्लेबाज को रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की आगामी T20I सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह को विश्व कप 2023 के बाद आराम दिया गया है।
विश्व कप 2023 में सूर्यकुमार यादव का फीका रहा प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव हाल ही में खत्म हुए विश्व कप 2023 में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने विश्व कप 2023 में कुल 7 मैच खेले और 17.66 के औसत और 100.95 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 106 रन ही बना पाए। उनका उच्चतम स्कोर 49 रन रहा।
सूर्यकुमार यादव ने अब तक 263 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 35.28 के औसत और 151.56 के स्ट्राइक रेट से 6669 रन बनाए हैं। इसमें उनके 4 शतक और 44 अर्धशतक शामिल हैं। वह टी20 में अब तक 671 चौके और 275 छक्के लगा चुके हैं।
ये है भारत और ऑस्ट्रेलिया की बीच टी20 सीरीज का शेड्यूल
दिनांक | मैच | मैदान | समय |
23 नवंबर | पहला टी20 | डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम | शाम 7:00 बजे से |
26 नवंबर | दूसरा टी20 | ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम | शाम 7:00 बजे से |
28 नवंबर | तीसरा टी20 | बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी | 7:00 बजे से |
01 दिसंबर | चौथा टी20 | शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, रायपुर | 7:00 बजे से |
03 दिसंबर | पांचवां टी20 | एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु | 7:00 बजे से |