India vs Australia 1st T20I: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव जबरा फॉर्म में नजर आए और खबर लिखे जाने तक अपनी पारी में वो 2 छक्के लगाकर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट भारत की तरफ से इतने सिक्स लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार से पहले ऐसा कमाल भारत के लिए टी20आई में सिर्फ रोहित शर्मा ने ही किया है।

सूर्यकुमार यादव ने पूरे किए 150 छक्के

कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए भारत का पहला विकेट अभिषेक शर्मा के रूप में 35 रन के स्कोर पर गिरा। अभिषेक तूफानी अंदाज में खेल रहे थे और उन्होंने 14 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 19 रन बनाए थे, लेकिन नाथन एलिस की गेंद पर वो टिम डेविड के हाथों लपके गए।

अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए सूर्यकुमार यादव आए और खबर लिखे जाने तक उन्होंने 24 गेंदों पर 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से 39 रन बना लिए थे। अपनी पारी में लगाए इन 2 छक्कों के दम पर उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 छक्के पूरे कर लिए और वो भारत की तरफ से टी20आई में 150 छक्के लगाने वाले रोहित शर्मा के बाद (205 छक्के) दूसरे बल्लेबाज बन गए।

रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा छक्के

टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो इसमें रोहित शर्मा 205 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं जबकि सूर्यकुमार यादव अब 150 छक्कों के साथ 5वें नंबर पर आ गए। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर 187 छक्कों के साथ मुहम्मद वसीम दूसरे स्थान पर हैं जबकि मार्टिन गप्टिल और जोस बटलर तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।

टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बैटर

205 छक्के -रोहित शर्मा
187 छक्के -मुहम्मद वसीम
173 छक्के -मार्टिन गप्टिल
172 छक्के -जोस बटलर
150 छक्के -सूर्यकुमार यादव