ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ तूफानी अंदाज में नजर आए। इस खिलाड़ी ने अपने करियर का पहला शतक जमाया और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई। धीमी शुरुआत के बावजूद गायकवाड़ ने कमाल की बल्लेबाजी की और आखिर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को जमकर धोया।
ऋतुराज ओपनिंग करने आए थे। टीम ने पहले दो विकेट जल्दी खो दिए थे जिस वजह से गायकवाड़ धीमी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 21 गेंदों में महज 21 रन बनाए थे। इसके बाद ऋतुराज बुलेट ट्रेन की रफ्तार से दौड़े।
गायकवाड़ ने जड़ा करियर का पहला टी20 शतक
गायकवाड़ ने 57 गेंदों में 123 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 13 चौके और सात छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 215.79 का रहा। यह गायकवाड़ के करियर का पहला टी20 शतक था। वह भारत के लिए टी20 में शतक लगाने वाले नौवें खिलाड़ी हैं।
टी20 में शतक लगाने वाले नौवें भारतीय गायकवाड़
गायकवाड़ से पहले सुरेश रैना, विराट कोहली, दीपक हुड्डा, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, सूर्यकुमार और रोहित शर्मा यह काम कर चुके हैं। गायकवाड़ की 123 रनों की पारी टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी भी भारतीय की दूसरी सबसे बड़ी पारी है।
कोहली और रोहित से आगे निकले गायकवाड़
गायकवाड़ इस मामले में विराट कोहली (122) और रोहित शर्मा (118) और सूर्यकुमार यादव (117) से आगे निकल गए। इस मामले में सबसे ऊपर शुभमन गिल है। गिल ने इसी साल अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 126 रन बनाए थे।