Ind vs Aus 3rd ODI: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम को हार मिली, लेकिन भारत ने इस सीरीज में 2-1 से जीत दर्ज की। रोहित शर्मा इस सीरीज के आखिरी मैच में टीम के साथ जुड़े थे और इससे पहले दो मैचों में केएल राहुल ने भारतीय टीम की कप्तानी की थी जिसमें भारत को जीत मिली थी।
इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छा संघर्ष किया, लेकिन कंगारू टीम का क्लीन स्वीप करने में भारतीय टीम सफल नहीं हो पाई। रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में अच्छी पारी खेली, लेकिन शतक से चूक गए और उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 छक्के लगाए। इन 6 छक्कों की मदद से उन्होंने एक नहीं दो-दो इतिहास वनडे क्रिकेट में रच दिए।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 550 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने रोहित शर्मा
रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 550 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्थि कंगारू टीम के खिलाफ तीसरे मैच के दौरान 6 छक्के लगाकर हासिल की। रोहित शर्मा ने इस मैच में 57 गेंदों पर 6 छक्के और 5 चौकों की मदद से 81 रन की शानदार पारी खेली। इन 6 छक्कों की मदद से रोहित शर्मा का इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्कों की कुल संख्या 551 हो गई है और वह क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। गेल के कुल छक्कों की संख्या 553 है और रोहित अगर अगले वनडे में 3 छक्के लगा देते हैं तो वह सबसे ज्यादा इंटरनेशनल छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित के नाम
रोहित शर्मा धरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने मार्टिन गप्टिल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारत की धरती पर रोहित शर्मा ने अब तक कुल 259 छक्के लगाए हैं जबकि मार्टिन गप्टिल ने न्यूजीलैंड में कुल 256 छक्के लगाए थे। वहीं इस मामले में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के ही ब्रैंडन मैकुलम हैं जिन्होंने कुल 230 छक्के लगाए थे। भारत में छक्के लगाने के मामले में रोहित के बाद दूसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं जिन्होंने कुल 186 छक्के लगाए थे।
घरेलू मैदान पर सभी प्रारूपों में सर्वाधिक छक्के
259 – रोहित शर्मा (भारत)
256 – मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड)
230 – ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड)
228 – क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
186 – एमएस धोनी (भारत)